17 जनवरी 2026,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह, मिठाई खिलाई और लगे नारे

जयपुर लोकसभा चुनाव के परिणाम को लेकर कांग्रेस मुख्यालय में कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह नजर आया। सुबह 8 बजे से ही कांग्रेस कार्यकर्ता और नेताओं का पीसीसी पहुंचना शुरू हो गया था। जैसे ही चुनाव परिणाम के रुझान बढ़ते गए कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोश भी बढ़ता गया।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

GAURAV JAIN

Jun 05, 2024

- पीसीसी मुख्यालय में दिनभर रहा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का रहा जमावड़ा

-भाजपा प्रदेश कार्यालय में सुबह उत्साह का माहौल दोपहर हाेते होते मायूसी छाई

जयपुर. जयपुर लोकसभा चुनाव के परिणाम को लेकर कांग्रेस मुख्यालय में कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह नजर आया। सुबह 8 बजे से ही कांग्रेस कार्यकर्ता और नेताओं का पीसीसी पहुंचना शुरू हो गया था। जैसे ही चुनाव परिणाम के रुझान बढ़ते गए कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोश भी बढ़ता गया। कभी कांग्रेस जिंदाबाद के लग रहे थे तो कभी मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के नारे लगे। चुनाव परिणाम देखने के लिए पीसीसी मुख्यालय में दो बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई थीं। कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कई अन्य नेता कार्यकर्ताओं के बीच जाकर बैठे। जैसे ही इंडिया गठबंधन का आंकड़ा 200 के पार गया तो कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई, गोविंद सिंह डोटासरा और अन्य नेताओं का भी मुंह मीठा कराते हुए कांग्रेस के पक्ष में नारेबाजी की। कुछ कार्यकर्ता सीकर, झुंझुनूं, चूरू और नागौर जैसी लोकसभा सीट पर जीत का श्रेय प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष को देते दिखाई दिए। हालांकि पार्टी कार्यकर्ताओं को जयपुर शहर और देहात सीट पर हार का गम भी रहा। हालांकि कुछ कार्यकर्ता आतिशबाजी लेकर भी पीसीसी मुख्यालय पहुंचे थे लेकिन उन्हें आतिशबाजी करने के लिए मना कर दिया गया।

भाजपा कार्यालय लाइव : न लड्डू बंटे, न ढोल बजे

मतणगना शुरू होने के साथ ही भाजपा कार्यालय में खुशी का माहौल बना रहा। नेता-कार्यकर्ता पहुंचे तो एक-दूसरे को बधाई देते हुए आगे बढ़ते रहे। जैसे-जैसे रुझान परिणाम में बदलते गए, वैसे -वैसे भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं में मायूसी छाती रही। एलईडी स्क्रीन पर चुनाव परिणाम देखने वालों की संख्या इक्का-दुक्का रह गई। ढोल-नगाड़े टेबल की ही शोभा बनाते रहे। कई कार्यकर्ताओं ने ढोल बजाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बैठा दिया गया। करीब 11 हजार लड्डूओं के ऑर्डर दिए गए, पर कार्यालय मंगवाने की हिम्मत नहीं हुई। इस बीच कार्यालय में गर्मी में कार्यकर्ताओं के लिए मिल्करोज की व्यवस्था की, लेकिन ड्रम खाली नहीं हो सके।

इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष सी.पी. जोशी, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी व अन्य नेता कार्यकर्ताओं के बीच डटे रहे। परिणाम का विश्लेषण भी किया। यहीं से दूसरे बड़े नेताओं से भी फोन पर बात करते रहे, लेकिन मतगणना की तस्वीर साफ होने के साथ-साथ पहली मंजिल पर चले गए और फिर वहीं बैठे रहे। दोपहर बाद अपने संसदीय क्षेत्र चितौड़गढ़ के लिए रवाना हो गए। हालांकि, ऐसे माहौल के बीच भाजपा जयपुर शहर की महिला कार्यकर्ता कार्यालय पहुंचीं और मंजू शर्मा की जीत की खुशी में आतिशबाजी की। ढोल पर डांस भी किया। लेकिन प्रदेश संगठन स्तर पर ऐसा कुछ नहीं किया गया।