इंदौर. लसूडि़या थाना क्षेत्र में शराब पार्टी के दौरान ग्वालियर की युवती की गोली मारकर हत्या करने के आरोपियों को पुलिस ने गुरुवार को हिमाचल से गिरफ्तार कर लिया। युवती सहित तीनों आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब पार्टी के दौरान ‘पिस्टल सॉन्ग’ बजाने की बात पर विवाद हुआ और भावना को गोली मार दी। पुलिस आरोपियों को वारदात स्थल पर लेकर पहुंची तो पता चला कि विगत कई माह से ऐप की मदद से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। पुलिस ने 28 मोबाइल, 4 लैपटॉप, 60 बैंक खातों की पासबुक, 50 एटीएम कार्ड समेत कई सामान बरामद किया है। आरोपियों पर लोगों के बैंक खातों को अवैध रूप से इस्तेमाल करने के मामले में धोखाधड़ी का केस भी दर्ज हुआ है। एसआइटी गठित कर ऑनलाइन सट्टे की भी जांच शुरू हो गई है। अधिकारियों ने फरार आरोपियों पर दस हजार का इनाम भी घोषित किया था।
जोन- 2 डीसीपी अभिनय विश्वकर्मा ने बताया, भावना सिंह (28) निवासी ग्वालियर की 20 मार्च की देर रात गोली मारकर हत्या हुई थी। केस में फरार आरोपी आशु (24) पिता राजेश यादव, उसका भाई मुकुल (23) पिता राजेश यादव, दोनों निवासी रिचरा फाटक भरतगढ़ मोहल्ला, दतिया और स्वास्ती (23) पिता देवेंद्र राय निवासी बड़ा बाजार दतिया को गिरफ्तार किया है।