
Happy New Year 2025: देश और दुनिया ने साल 2024 को अलविदा कहकर नए साल 2025 का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस खास मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सीएम योगी आदित्यनाथ, और कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई बड़े नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। देशभर में नए साल का जश्न धूमधाम से मनाया गया। दिल्ली के इंडिया गेट, मुंबई के मरीन ड्राइव, गोवा के समुद्र तटों, और बेंगलुरु के एमजी रोड जैसे स्थानों पर लाखों लोगों ने शानदार आतिशबाजी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट जारी कर कहा कि सभी को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं! 2025 सभी के लिए खुशियां, सद्भाव और समृद्धि लेकर आए! राष्ट्रपति ने आगे लिखा कि इस अवसर पर हम भारत और विश्व के लिए एक उज्जवल, अधिक समावेशी और टिकाऊ भविष्य बनाने के लिए मिलकर काम करने की अपनी प्रतिबद्धता को नवीनीकृत करें।
नए साल की शुभकामनाएं देते हुए उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने एक्स पर पोस्ट पर लिखा कि 2025 में प्रवेश करते समय सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई। यह हमारे गणतंत्र की यात्रा का एक महत्वपूर्ण मोड़ है। यह वर्ष हमारे संविधान की शताब्दी की अंतिम तिमाही में प्रवेश का प्रतीक है। उन्होंने आगे लिखा कि 2047 में विकसित भारत की ओर बढ़ते हुए, हमारे संविधान निर्माताओं के सपने को साकार करने के लिए खुद को फिर से समर्पित करने का समय है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि देश के सभी लोगों को साल 2025 की शुभकामनाएं। यह वर्ष सभी के लिए नए अवसर, सफलता और अनंत खुशियां लेकर आए। सभी को अच्छा स्वास्थ्य और समृद्धि का आशीर्वाद मिले।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी नए साल की बधाई दी है। कांग्रेस सांसद ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि आप सभी को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं, आशा करता हूं यह वर्ष आपके जीवन में नव उमंग, नव उल्लास और खुशियां लेकर आए।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि डबल इंजन सरकार उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में संचालित विकास एवं जन-कल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश की जनता का जीवन स्तर निरंतर बेहतर हो रहा है। उन्होंने डबल इंजन सरकार की योजनाओं का लाभ गरीब, किसान, नौजवान, महिला सहित समाज के हर वर्ग को प्राप्त हो रहा है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लिखा कि नव वर्ष के अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। ईश्वर से कामना है कि यह नववर्ष आप सभी के लिए सुख, शांति, समृद्धि, सद्भाव एवं अनंत सफलताओं का वर्ष हो। सबके सम्मिलित प्रयास से सुखी, समृद्ध एवं गौरवशाली बिहार के निर्माण का संकल्प पूरा होगा।
नए साल की शुभकामनाएं देते हुए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सोशल मीडिया पर लिखा कि आप सभी को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं। यह साल आप सभी के लिए सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए, यही मेरी मंगल कामना है। उत्तर प्रदेश की पूर्व सीएम मायावती ने भी लोगों को नए साल की शुभकामनाएं दी।
Published on:
01 Jan 2025 09:46 am
बड़ी खबरें
View Allसमाचार
ट्रेंडिंग
