
देवास. चैत्र नवरात्र से पहले माता टेकरी इस बार आस्था, सुविधा और सुरक्षा का अनोखा संगम बनकर तैयार हो रही है। भीषण गर्मी को देखते हुए पहली बार टेकरी पर पानी के फव्वारे वाले पंखे लगाए जा रहे हैं, जो श्रद्धालुओं को ठंडक का अहसास कराएंगे। इसके साथ ही 15 से अधिक कूलर भी विभिन्न स्थानों पर लगाए जा रहे हैं, ताकि दर्शन के लिए आने वाले हजारों भक्तों को राहत मिल सके। सुरक्षा के लिहाज से भी टेकरी को पूरी तरह हाईटेक बनाया गया है। टेकरी पर लगे 72 सीसीटीवी कैमरों के साथ शहर के प्रमुख स्थानों के 50 से अधिक कैमरों को जोडकऱ एकीकृत निगरानी व्यवस्था तैयार की गई है। इन सभी कैमरों की मॉनिटरिंग टेकरी स्थित कंट्रोल रूम से की जाएगी। इस बार माता टेकरी पर नवरात्र केवल धार्मिक उत्सव ही नहीं, बल्कि आधुनिक सुविधाओं और हाईटेक सुरक्षा का भी अनुभव कराएगा। प्रशासन की तैयारियां श्रद्धालुओं को आस्था के साथ आराम और सुरक्षित माहौल देने की दिशा में एक बड़ा कदम हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरे चढ़ाई मार्ग पर कारपेट बिछाया जा रहा है, ताकि धूप में पैरों को जलन से बचाया जा सके। साथ ही मार्ग पर टेंट लगाकर छांव की व्यवस्था की गई है। जगह-जगह पेयजल की प्याऊ भी लगाई जा रही हैं।
नवरात्र को देखते हुए टेकरी पर आकर्षक लाइटिंग की गई है। बड़ी माता मंदिर के ऊपरी हिस्से पर एलईडी लाइटिंग की सजावट की गई है, वहीं जैन मंदिर सहित कई स्थानों को ग्रीन थीम के साथ रोशन किया गया है। रात के समय पूरी टेकरी जगमग नजर आएगी।
टेकरी पर नई धार्मिक पेंटिंग्स बनाई गई हैं, जिनमें मां दुर्गा और भगवान शिव के चित्र शामिल हैं। साथ ही पुरानी पेंटिंग्स को भी नए रंगों से संवारा गया है, जिससे पूरा परिसर भक्ति भाव में रंगा नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं के लिए लाइव दर्शन के लिए दो एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई हैं।
टेकरी पर बनाए गए कंट्रोल रूम में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं, जिनसे न सिर्फ टेकरी बल्कि शहर के प्रमुख मार्गों स्टेशन रोड, उज्जैन तिराहा, भोपाल चौराहा, पुलिस लाइन और बायपास क्षेत्र—पर भी नजर रखी जाएगी। इससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
Updated on:
18 Mar 2026 02:22 pm
Published on:
18 Mar 2026 02:22 pm
