
जन सेवा विकास ट्रस्ट की ओर से रविवार को बापूनगर चाररास्ता के निकट छाछ वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। चिलचिलाती धूप में गर्मी से राहत दिलाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
इस अवसर पर बापूनगर के विधायक दिनेश सिंह कुशवाह, ट्रस्ट के अध्यक्ष टी.एन. सिंह समेत कई अन्य लोग उपस्थित रहे। ट्रस्ट के अध्यक्ष ने बताया कि गर्मी में राहत देने के लिए हर वर्ष छाछ या शरबत का वितरण किया जाता है।
कार्यक्रम में लोगों को बताया गया कि इससे पूर्व ट्रस्ट द्वारा कुंडा वितरित किए गए थे, ताकि लोग उनमें पानी भरकर पक्षियों के लिए रख सकें। गर्मी के मौसम में पक्षियों को पानी के लिए भटकना पड़ता है, ऐसे में कुंडा वितरण से उन्हें राहत मिलती है।
समारोह के दौरान ट्रस्ट के कार्यों की सराहना की गई और स्थानीय नागरिकों ने भी भाग लिया। आयोजन के माध्यम से गर्मी में जन सहयोग और सेवा की भावना को मजबूत किया गया।