गांधीनगर में आयोजित गुजरात सेमी कांफ्रेंस में उपस्थित मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल व अन्य।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि आने वाले कुछ समय में मेक इन इंडिया तथा आत्मनिर्भर भारत के प्रतीक के रूप में देश की पहली सेमीकंडक्टर चिप गुजरात में बनेगी। शुक्रवार को गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में राज्य सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से आयोजित गुजरात सेमी कनेक्ट कॉन्फ्रेंस-2024 के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश में सेमीकंडक्टर सेक्टर में निवेश करने के इच्छुक निवेशकों में से 80 प्रतिशत से अधिक निवेशक गुजरात में अपनी इकाइयां शुरू करने को उत्सुक हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार की ओर से ऐसे उद्योगों को आवश्यक सहायता एवं सहयोग मिलेगा।
राज्य सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से आयोजित इस कॉन्फ्रेंस में सीएम ने सेमी कंडक्टर इकोसिस्टम को अधिक सुदृढ़ और मजबूत बनाने का आह्वान किया। राज्य सरकार ने सेमी कंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स मेन्यूफैक्चरिंग के लिए धोलेरा में प्लग एंड प्ले सुविधा विकसित की है।
पहली सेमी कंडक्टर नीति गुजरात ने लागू की
सीएम के मुताबिक सेमी कंडक्टर क्षेत्र में उच्च तकनीकी जनशक्ति (हाई टेक मैन पावर) तैयार करने की दिशा में गुजरात तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए प्रधानमंत्री ने इंडिया सेमी कंडक्टर मिशन शुरू किया है। इस पर सक्रियता से पहल करते हुए देशभर के राज्यों में पहली सेमी कंडक्टर नीति गुजरात ने वर्ष 2022 में लागू की है।
सेमी कंडक्टर उद्योग का लाभ युवाओं को मिलेगा
मुख्यमंत्री पटेल ने कहा सेमी कंडक्टर उद्योग का सबसे अधिक लाभ युवाओं को मिलेगा। इस क्षेत्र और इसके संबंधित क्षेत्रों में कौशल विकास और स्टार्टअप के नए अवसर खुल रहे हैं।
गुजरात सेमीकंडक्टर हब के रूप में उभर रहा
राज्य के मुख्य सचिव राजकुमार ने कहा कि राज्य सरकार की इंडस्ट्री फ्रेंड्ली नीतियों के फलस्वरूप गुजरात आज भारत के सेमीकंडक्टर हब के रूप में उभर रहा है। सेमीकंडक्टर उद्योग के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करा कर राज्य सरकार धोलेरा को सेमीकॉन हब के रूप में विकसित कर रही है।
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव एस. कृष्णन ने कहा कि गुजरात में आयोजित इस सेमी कनेक्ट कॉन्फ्रेंस से आगामी समय में सेमी कंडक्टर क्षेत्र में नए अनुसंधान-निवेश के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
गुजरात निभा रहा निर्णायक भूमिका
माइक्रोन के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट गुरुशरण सिंह ने कहा कि भारत को सेमी कंडक्टर हब बनाने में गुजरात निर्णायक भूमिका निभा रहा है। टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रणधीर ठाकुर ने कहा कि हमारी कंपनी धोलेरा में 11 बिलियन अमरीकी डॉलर के निवेश के साथ सेमी कंडक्टर मेन्यूफैक्चरिंग प्लांट स्थापित करने जा रही है, जो गुजरात के लगभग 20,000 से अधिक युवाओं को रोजगार प्रदान करेगा।
ताइवान के मुंबई स्थित आर्थिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के महानिदेशक होमर चांग ने कहा कि भारत सेमी कंडक्टर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसमें गुजरात महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
Published on:
19 Jul 2024 09:42 pm
बड़ी खबरें
View Allसमाचार
ट्रेंडिंग
