6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

श्रद्धापूर्वक निकला नगर कीर्तन, गतका के हैरतअंगेज जौहर देख निहाल हुई संगत

-गुरुद्वारा धन-धन भाई मंझजी के सालाना समागम: पंज प्यारों की अगुवाई में निकले नगर कीर्तन में उमड़ी संगत

less than 1 minute read
Google source verification


श्रीगंगानगर. पदमपुर रोड स्थित गुरुद्वारा धन-धन भाई मंझजी के सालाना समागम के अवसर पर शुक्रवार को नगर कीर्तन निकाला गया। पंज प्यारों की अगुवाई में निकले नगर कीर्तन में डीजे की धुन पर गतका के हैरतअंगेज करतब दिखाते रणजीत नगारा गतका अखाड़ा ग्रुप के युवा आकर्षण का केंद्र रहे। रंग-बिरंगे फूलों से सजी श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी वाहन, आगे मार्ग को झाड़ू से साफ करते श्रद्धालु और पीछे गुरु महिमा का गुणगान करती संगत ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। नगर कीर्तन से पूर्व गुरुद्वारा साहिब में श्री अखंड पाठ का प्रकाश किया गया, इसके उपरांत नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन के दौरान विशेष रूप से मंगवाए गए ट्रैक्टर-आधारित उपकरण से पालकी साहिब पर पुष्प वर्षा की गई। वहीं, ‘बोले सो निहाल… सतश्री अकाल’ के जयघोषों से फिजा गूंजती रही। नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ होकर गुलाबी बाग, मेट्रो सिटी, ग्रीन वैली, राजा बाग, शालीमार बाग, कुंज विहार व अंबिका एन्क्लेव (प्रथम) सहित आसपास की कॉलोनियों से होता हुआ शाम को पुनः गुरुद्वारा साहिब पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में गुरु नानक नामलेवा संगत ने पालकी साहिब पर पुष्प वर्षा कर एवं प्रसाद वितरण करते हुए गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्य सेवादार नौनिहाल सिंह ने बताया कि नगर कीर्तन में रणजीत नगारा गतका अखाड़ा ग्रुप के सदस्यों ने गतका खेलते हुए हैरतअंगेज प्रदर्शन किया। वहीं, ढाडी जत्था भाई जसविंदर सिंह जोश ने गुरु वीरता एवं इतिहास की गाथाओं से संगत को गुरु चरणों से जोड़ा। सालाना समागम के तहत शनिवार शाम 7 से 9 बजे तक धन-धन भाई मंझ कीर्तनी सेवक जत्थे की ओर से वाहेगुरु कीर्तन दीवान सजाया जाएगा। वहीं, रविवार 8 फरवरी को श्री अखंड पाठ साहिब के भोग उपरांत मुख्य समागम में महान कथा-कीर्तन दरबार आयोजित होगा।