
जामनगर सर्किट हाउस में किया रात्रि विश्राम, वंतारा जाएंगे, सोमनाथ में रोड शो
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) शनिवार शाम को गुजरात के दौरे (Gujarat visit) पर जामनगर पहुंचे। वे शाम करीब साढ़े 7 बजे जामनगर एयर फोर्स स्टेशन उतरे। यहां पर उनका भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने एयरफोर्स स्टेशन से सर्किट हाउस तक रोड शो किया। इस दौरान प्रधानमंत्री की एक झलक पाने को भारी संख्या में लोग उमड़े। उन्होंने कार में बैठे-बैठे उपस्थित लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद प्रधानमंत्री का काफिला ऐतिहासिक सर्किट हाउस पहुंचा, जहां उन्होंने रात्रि विश्राम किया। इसके बाद पीएम ने लाल बंगला स्थित ऐतिहासिक सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम किया।प्रधानमंत्री रविवार को सुबह 5:45 बजे सड़क मार्ग से जामनगर के पास रिलायंस के प्राणी संग्रहालय वंतारा के लिए रवाना होंगे। दोपहर को वे यहां से हेलीकॉप्टर के मार्फत सोमनाथ के लिए रवाना होंगे।
सोमनाथ हेलीपैड पर उतरने के बाद यहां से हमीरजी सर्किल तक एक किलोमीटर का रोड शो होगा। इसके बाद वे सोमनाथ मंदिर पहुंचेंगे। यहां पर वे विशेष पूजा अर्चना करेंगे। साथ ही सोमनाथ मंदिर के विकास कार्यों को लेकर बैठक करेंगे। वे 27 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित हाट बाजार एवं शॉपिंग सेंटर का लोकार्पण करेंगे। उनके सोमनाथ मॉडल बस स्टैंड की आधारशिला भी रखने की संभावना जताई जा रही है। सोमनाथ दौरे के बाद शाम को उनके सासण गिर जाने की संभावना जताई जा रही है। यह भी बताया जाता है कि रविवार को वे यहीं पर रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद सोमवार को यहीं वाइल्ड लाइफ बोर्ड की बैठक में भाग भी ले सकते हैं।
भारत के प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी सोमनाथ की दूसरी यात्रा है। इससे पहले प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने 8 मार्च 2017 को पहली बार सोमनाथ का दौरा किया था। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी ने प्रयागराज महाकुंभ में पवित्र स्नान के तुरंत बाद सोमनाथ महादेव के दर्शन करने का संकल्प लिया था
प्रधानमंत्री की यात्रा के लिए सोमनाथ में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में एडीजीपी, आईजी, 3 एसपी, 6 पुलिस उपाधीक्षक, 17 पुलिस निरीक्षक (पीआई), 36 पीएसआई, 472 पुलिस कर्मी और 68 एसआरपी कर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा एलसीबी, एसओजी और निगरानी दस्ते की टीमें भी तैनात की गई हैं।
Updated on:
1 Mar 2025, 9:58 PM IST
Published on:
1 Mar 2025, 9:58 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.