
खडाल क्षेत्र में कम्पनियों को लगातार जमीन आवंटित किए जाने से ग्रामीणों में रोष देखने को मिला। निजी कम्पनी के खिलाफ ग्रामीण पिछले एक महीने से धरने पर बैठे हैं। इसी दौरान कालरा तला के पास एक सोलर कम्पनी को जमीन आवंटन की जानकारी सामने आने पर आक्रोश और तेज हो गया। ओरण गोचर बचाने को लेकर सोमवार को रामगढ़ में जन आक्रोश रैली निकाली गई, जिसमें खडाल क्षेत्र के हजारों बुजुर्ग, महिला, पुरुष, युवा और बच्चे शामिल हुए।
रैली से पहले रामगढ़ के श्रीराम मंदिर प्रांगण में जनसभा आयोजित हुई। वक्ताओं ने ओरण गोचर को सुरक्षित रखने की आवश्यकता बताते हुए सरकार को चेताया। बाल भारती महाराज ने कहा कि ओरण गोचर नष्ट होने से क्षेत्र की पारंपरिक जीवनशैली और प्रकृति दोनों पर गहरा संकट खड़ा हो जाएगा। जनसभा के बाद भारत माता की आरती कर रैली मंदिर प्रांगण से रवाना होकर तहसील कार्यालय पहुंची।
तहसील कार्यालय के सामने ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र के अधिकांश परिवारों की आजीविका पशुपालन पर निर्भर है। ओरण गोचर की जमीन कम्पनियों को दिए जाने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। ओरण गोचर क्षेत्र में देवस्थान, तले, तालाब, नाड़ियां और आबादी क्षेत्र मौजूद हैं, साथ ही वन्य जीवों की भी भरमार है। यहां सोलर प्लांट स्थापित होने से पर्यावरण को नुकसान पहुंचेगा और स्थानीय लोगों के जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
Published on:
09 Feb 2026 08:19 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
