19 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान में नशे के सौदागरों पर ANTF की कार्रवाई: अफीम, स्मैक और गांजे की बड़ी खेप बरामद, 5 तस्कर दबोचे

Rajasthan ANTF Action राजस्थान में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी कार्रवाई की है। एएनटीएफ की टीमों ने जालोर, ब्यावर और जयपुर जिलों में स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर एक ही दिन में चार बड़ी कार्रवाईयों का चौका मारा है।

2 min read
Google source verification
ANTF Action

फोटो पत्रिका नेटवर्क

Rajasthan ANTF Action : जयपुर। राजस्थान में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी कार्रवाई की है। एएनटीएफ की टीमों ने जालोर, ब्यावर और जयपुर जिलों में स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर एक ही दिन में चार बड़ी कार्रवाईयों का चौका मारा है। टीमों ने भारी मात्रा में अवैध अफीम, स्मैक, गांजा और नशे की काली कमाई की नकदी जब्त कर पांच आरोपियों को दस्तयाब किया है।

रसोई में छिपा रखी थी 938 ग्राम अफीम

एएनटीएफ महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि पहली बड़ी कार्रवाई जालोर जिले के भीनमाल थाना क्षेत्र के जेरण गांव में हुई। एएनटीएफ को इनपुट मिला था कि एक तस्कर अपने घर से अफीम की सप्लाई कर रहा है। टास्क फोर्स ने भीनमाल पुलिस को साथ लेकर जुठाराम देवासी (48) के रहवासीय मकान पर अचानक छापा मारा। मकान की सघन तलाशी ली गई तो रसोई घर के भीतर छिपाकर रखी गई 938 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

स्कूटी से स्मैक की डिलीवरी देने आए पति-पत्नी गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई ब्यावर सिटी थाना क्षेत्र में स्कूटी से स्मैक की सप्लाई होने की खुफिया सूचना पर टीम ने सादे वस्त्रों में जाल बिछाया। जैसे ही संदेहास्पद स्थिति में एक महिला और पुरुष स्कूटी पर आकर रुके, टीम ने उन्हें घेर लिया। स्कूटी की डिग्गी से 24.88 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने स्मैक व स्कूटी जब्त कर सांसी बस्ती छावनी निवासी आरोपी दीपक कुमार (45) और उसकी पत्नी लक्ष्मी देवी (43) को गिरफ्तार कर लिया।

कॉलेज के पीछे पेड़ के नीचे बैठी तस्कर महिला दस्तयाब

तीसरी कार्रवाई जयपुर ग्रामीण के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में की गई। यहां पेड़ के नीचे संदिग्ध सामान लेकर बैठी टोंक निवासी शरबत देवी (55) ने पुलिस को देखा तो भागने लगी। महिला कॉन्स्टेबलों की मदद से उसे डिटेन किया गया। उसके पास से 335 ग्राम अवैध गांजा, 0.71 ग्राम स्मैक और 21,500 रुपए की नकदी बरामद हुई।

महिला तस्कर काबू

चौथी कार्रवाई जयपुर शहर के नारायण विहार थाना इलाके की जयशंकर कॉलोनी में हुई। यहां गली में खड़ी एक महिला पुलिस की गाड़ी देखकर तेज कदमों से भागने लगी, जिसे टीम ने घेराबंदी कर दबोच लिया। आरोपी महिला लाली देवी (32) के बैग की तलाशी लेने पर 142 ग्राम अवैध गांजा और नशा बेचकर कमाए गए दो हजार रुपए नकद बरामद हुए।