31 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आरसीबी की जीत के जश्न में डूबा बेंगलूरु, देर रात तक गूंजते रहे जीत के नारे

भले ही फाइनल मुकाबला अहमदाबाद में खेला जा रहा था, लेकिन चर्च स्ट्रीट, ब्रिगेड रोड और एम.जी. रोड जैसे इलाकों का माहौल किसी स्टेडियम से कम नहीं था।

4 min read
Google source verification
rcb blr

आरसीबी की जीत का जश्न मनाते प्रशंसक

रविवार रात पूरा बेंगलूरु जश्न के रंग में रंग गया। हजारों क्रिकेट प्रेमी शहर के कैफे, रेस्तरां, मॉल और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जुटे, जहां उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरु (आरसीबी) को लगातार दूसरे वर्ष इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) का खिताब जीतते देखा। देर रात तक शहर में आरसीबी… आरसीबी… और ई साला नू कप नम्मदे (इस साल भी कप हमारा) के नारे गूंजते रहे।

भले ही फाइनल मुकाबला अहमदाबाद में खेला जा रहा था, लेकिन चर्च स्ट्रीट, ब्रिगेड रोड और एम.जी. रोड जैसे इलाकों का माहौल किसी स्टेडियम से कम नहीं था। चर्च स्ट्रीट से लेकर बसवनगुड़ी तक लोग बड़ी स्क्रीन पर मैच देखते रहे और हर चौके-छक्के पर जमकर जश्न मनाया गया।

पुलिस ने सुरक्षा कारणों से बड़े रोड शो और पटाखों से बचने की अपील की थी, लेकिन इसके बावजूद प्रशंसकों ने अलग-अलग तरीकों से अपनी टीम का समर्थन किया। शहर के कई हिस्सों में लोग आरसीबी की जर्सी, झंडे और टोपियां खरीदते नजर आए।

हालांकि शहर के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में कोई मैच नहीं था, लेकिन उसके आसपास की सड़कें टीम का सामान खरीदने वाले प्रशंसकों से भरी रहीं। चर्च स्ट्रीट क्षेत्र के कैफे और रेस्तरां पूरी तरह खचाखच भरे हुए थे।

आरसीबी के पुराने प्रशंसक सोमेश ने कहा कि जब विराट कोहली ने गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों पर आक्रमण शुरू किया तो पूरा इलाका उत्साह से भर गया। विशेष रूप से कागिसो रबाडा के ओवर में लगाए गए उनके शॉट्स ने माहौल को और रोमांचक बना दिया।

RCB vs GT Final: गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हरा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दूसरी बार जीता खिताब, टाइटल डिफेंड करने वाली तीसरी टीम

एक अन्य प्रशंसक अमित ने कहा, जब विराट लगातार चौके और छक्के लगा रहे थे, तब पूरे पब में लोग अपनी सीटों से खड़े होकर चिल्लाने लगे। ऐसा लग रहा था जैसे पूरी इमारत हिल रही हो।

जब थम गई थी प्रशंसकों की सांसें

मैच के दौरान एक समय ऐसा भी आया जब जीत के लिए 24 गेंदों में केवल 11 रन चाहिए थे और कोहली का एक शॉट मिड-ऑफ पर कैच होता दिखाई दिया। शुभमन गिल ने शानदार डाइव लगाकर कैच लपका, जिससे प्रशंसकों की सांसें थम गईं। हालांकि कोहली ने तुरंत रिव्यू लिया और तीसरे अंपायर ने फैसला पलट दिया। इसके बाद पूरे शहर में खुशी की लहर दौड़ गई।

जैसे ही 18वें ओवर में कोहली के छक्के के साथ जीत के रन पूरे हुए, बेंगलूरु खुशी से झूम उठा। सड़कों, पब और कैफे में मौजूद लोग एक साथ आरसीबी… आरसीबी…के नारे लगाने लगे।

दिनभर शहर में जीत की कामना का माहौल बना रहा। कई प्रशंसकों ने मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की और टीम की सफलता के लिए प्रार्थना की। कुछ लोगों ने बारिश से मैच प्रभावित न होने की भी कामना की।

पुलिस की पाबंदियों के कारण शहर की सड़कों पर बड़े पैमाने पर सार्वजनिक स्क्रीनिंग और सड़क किनारे जश्न पर रोक थी, लेकिन आरसीबी समर्थकों ने अपनी खुशी घरों, क्लबों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में मनाई। हर विकेट पर शोर गूंजता था, हर डॉट गेंद पर तालियां बजती थीं और जैसे-जैसे जीत करीब आती गई, उत्साह भी बढ़ता गया। बड़ी संख्या में प्रशंसकों ने मॉल और व्यावसायिक केंद्रों का रुख किया। शहर के कई बड़े मॉल में विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई, जहां परिवार और दोस्तों के समूहों ने एक साथ मैच का आनंद लिया। अधिकांश रेस्तरां और कैफे देर रात तक क्रिकेट प्रेमियों से भरे रहे।

ऑनलाइन दुनिया का माहौल भी कुछ अलग नहीं था। मैच समाप्त होने से पहले ही सोशल मीडिया मंच बधाई संदेशों से भर चुके थे। प्रशंसकों ने पुराने नारे दोहराए, नए नारे गढ़े और आरसीबी की जर्सी पहने अपनी तस्वीरें साझा कीं।

मैच के बाद बड़ी भीड़ जुटने की आशंका को देखते हुए यातायात पुलिस ने कई प्रमुख फ्लाईओवरों पर प्रतिबंध लगाए और शहर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। रात 10 बजे के बाद एमजी रोड, चर्च स्ट्रीट और केंद्रीय व्यावसायिक क्षेत्र के अन्य हिस्सों में भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस ने गश्त बढ़ाई और कर्नाटक स्टेट रिजर्व पुलिस की टुकड़ियों को भी तैनात किया गया।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूरे शहर में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया। पुलिस की अपील के बावजूद जश्न सड़कों तक पहुंच गया और देर रात तक उत्सव का माहौल बना रहा।

नामित मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने आरसीबी को बधाई देते हुए कहा, आज रात बेंगलूरु एक बार फिर चैंपियन बनकर उभरा है। आरसीबी ने लगातार दूसरी बार आइपीएल का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। हिम्मत, संयम और चैंपियन जज्बे के साथ टीम ने एक बार फिर बेंगलूरु को गर्व महसूस कराया है।

इससे पहले दिन में शिवकुमार ने कहा था कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आइपीएल फाइनल बेंगलूरु में होना चाहिए था और शहर के साथ अन्याय हुआ है। हालांकि खिताब जीतने के बाद यह शिकायत जश्न के शोर में कहीं दब गई और पूरा शहर आरसीबी की ऐतिहासिक सफलता का उत्सव मनाने में डूब गया।