
सागर. सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रहने वाले तांत्रिक ठग के खिलाफ एक और शिकायत हुई है, जिसमें उसने एक व्यक्ति को पितरों के गड़े धन निकलवाने का लालच दिया और साथ में यह कहकर डराया भी कि पूर्वज खुद धन देना चाहते हैं, यदि इसे नहीं निकलवाया तो परिवार के किसी सदस्य की मौत हो सकती है। धन के लालच और पितरों के डर के चलते युवक जाल में फंसा और रुपए न होने के कारण उसने अपने एक दोस्त को पार्टनर बनाया। इसके बाद तांत्रिक ने भरोसा दिलाने कुछ ही दिन में पीडि़त के खेत से एक घड़ा भी खोदकर निकाल लिया। ऐसा कर उसने तीन पीडि़तों को 11.51 लाख रुपए का चूना लगा दिया। तीनों ने मामले की शिकायत पुलिस से की है और कुछ प्रमाण दिए हैं, लेकिन वे तांत्रिक से डरे भी हैं, जिसके कारण अपना नाम तक ओपन नहीं करना चाहते। वहीं पुलिस से की गई शिकायत में यह भी कहा है कि तांत्रिक उन्हें झूठे केस में फंसवा सकता है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह जुलाई 2023 में बेटी को पीलिया की दवाई लेने तांत्रिक के पास गया था। बेटी ठीक हुई तो तीन-चार दिन बाद तांत्रिक के दरबार में प्रसादी चढ़ाने गया। तांत्रिक बोला कि तुम्हारे यहां बहुत परेशानी है, तुम्हारे बड़े भाई का भी देहांत पीलिया के कारण ही हुआ था। समस्या का हल पूछता तो बोला कि तुम्हारे घर आउंगा, दूसरे दिन 11 जुलाई को वह आया, उसने 2 अगरबत्ती, नारियल, नीबू से देखा और बोला कि तुम्हारे यहां पूर्वजों का गड़ा धन है जो वो तुम लोगों को देना चाहते हैं, वह धन निकलने के बाद ही तुम्हारे घर की परेशानी खत्म होगी। तांत्रिक ने कहा मैं खुद तुम्हारा धन निकालूंगा, लेकिन इसके लिए 11.51 लाख रुपए लगेंगे। इसके बाद तांत्रिक की सहमति से पीडि़त ने अपने दोस्त को पार्टनर बना लिया।
पीडि़त और उसके पार्टनर दोस्त के साथ तांत्रिक 16 जुलाई 2023 की रात 9 बजे खेत पर पहुंचा और पूजा-पाठ कर एक जगह से पीतल का घड़ा निकला। तांत्रिक ने घड़े को लाल कपड़े से बांधा और अपने साथ घर ले गया। दो दिन बाद दरबार पहुंचे तो तांत्रिक ने तांबे की कटोरी में गाय का दूध डालकर अपने बेटे के सामने रखा और उसके सिर पर अगरबत्ती घुमाते हुए पूछा कि दूध में क्या दिख रहा है तो उसका बेटा बोला कि तुम लोगों ने जो धन निकाला है उसकी पूजा करनी पड़ेगी, नहीं तो धन खराब हो जाएगा और तुम लोगों को भी हानि हो सकती है। इसके बाद तांत्रिक ने बड़ी पूजा करने के नाम पर 4 लाख रुपए ले लिए।
4-5 महीने बाद तांत्रिक ने कहा 5 जनवरी को बाकी दोनों बर्तन निकालने हैं तो 7.51 लाख रुपए की व्यवस्था कर लो। वह बोला तुम लोग जल्द ही मालामाल होने वाले हो। रुपए न होने पर पीडि़तों ने अपने एक दोस्त को तीसरा पार्टनर बनाया और उससे 3.51 लाख रुपए और खुद 4 लाख रुपए जोड़ लिए। तीनों पार्टनर तांत्रिक और उसके बेटे के साथ खेत के बाजू से लगे जंगल में पहुंचे जहां से दो और घड़े निकाले। दूसरे दिन तांत्रिक ने तीनों घड़े पीडि़तों को सौंपे और सख्त हिदायत दी कि इन्हें खोलना मत नहीं तो कोई घटना घट सकती है। घड़ों को घर में रखकर एक महीने तक इनकी पूजा पाठ करो और सुबह शाम घी का दीपक जलाओ।
लंबे समय तक घुमाने और फिर सही से जवाब न देने पर तीनों को फर्जीवाड़े का शव हुआ तो उन्होंने वीडियो बनाना चालू कर दिया। तीनों उसके घर पहुंचे तो तांत्रिक बोला कि पूजा के लिए सामान लाओ आज ही काम करेंगे। इसके बाद उसने सामान में एक कलगी वाला बड़ा मुर्गा, एक दारू की बोतल और कुछ अन्य पूजा सामग्री मंगवाई। पीडि़तों ने यह सामान देते हुए वीडियो भी बना लिया।
Updated on:
25 Sept 2024 11:30 am
Published on:
25 Sept 2024 11:28 am
बड़ी खबरें
View Allसमाचार
ट्रेंडिंग
