1 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

समाचार

मौसम…. प्री-मानसून में तरबतर हुआ खंडवा, एक घंटे तेज बारिश, रोड बने तालाब

-निचली बस्तियों में भरा पानी, खुली निगम की तैयारियों की पोल

Google source verification

खंडवा

image

Manish Arora

Jun 16, 2025

मानसून के आने से पहले प्री-मानसून की बारिश ने जिले को तरबतर कर दिया। सुबह से तेज गर्मी और धूप के बीच शाम का आसमान पर बादल छाए। शाम 5 बजे से तेज हवा-आंधी के साथ जोरदार बारिश हुई। इस दौरान जमकर आकाशीय बिजली भी कडक़ी। ग्राम रामपुरी में आकाशीय बिजली गिरने से एक गाय और एक बैल की मौत हो गई। वहीं, प्री-मानसून की पहली तेज बारिश ने निगम की तैयारियों की पोल खोल दी।

रविवार शाम 5 बजे से लेकर 6 बजे तक जमकर बारिश हुई। बारिश के साथ ही आकाशीय बिजली भी जमकर गरजी। शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया। निगम द्वारा वर्षा पूर्व नालों की सफाई का दावा किया गया, जिनकी पोल भी खुल गई। नालों का पानी सडक़ों पर बह निकला। रेलवे स्टेशन रोड, दूध गली, बस स्टैंड, भगतसिंह चौक, घासपुरा, बांग्लादेश कॉलोनी, सलूजा कॉलोनी, गांधी नगर, चिडिय़ा मैदान, चंपा तालाब क्षेत्र सहित कई क्षेत्रों में घुटने-घुटने तक पानी भरा गया। चिडिय़ा मैदान, रामनगर, गांधी नगर, सलूजा कॉलोनी सहित अन्य क्षेत्रों में घरों में पानी घुस गया। लोगों के बर्तन, सामान तक बह निकले। तीन पुलिया में करीब आठ फीट तक पानी चढ़ा।

जून में अब तक 85 मिमी बारिश
प्री-मानसून की बारिश ने पिछले साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पिछलेे साल जून के पहले पखवाड़े में 99 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। इस साल एक जून से 15 जून सुबह 8 बजे तक कुल 85 मिमी बारिश हो चुकी थी। जिसमें शनिवार-रविवार सुबह तक ही 24 घंटे में 67 मिमी बारिश हुई है। रविवार दोपहर बाद जिलेभर में बारिश दर्ज की गई। इस दौरान करीब 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चली और आकाशीय बिजली भी चमकी।शहर में करीब एक घंटा तेज बारिश हुई है। अनुमान है कि 30 मिमी से ज्यादा बारिश इस दौरान हुई।

महाराष्ट्र में अटका मानसून
जिला कृषि मौसम इकाई प्रभारी डॉ. सौरव गुप्ता ने बताया कि आसपास के जिलों में जारी प्री-मानसूनी गतिविधियों के चलते खंडवा में स्थानीय सिस्टम बनने से बारिश हुई है। सोमवार को भी दोपहर बाद बारिश की संभावना बन सकती है। डॉ. गुप्ता ने बताया कि मानसून महाराष्ट्र में जहां था, वहीं पर थमा हुआ है। अनुमान है कि अगले 48 घंटों में मानसून पूर्वी मप्र में दस्तक दे सकता है।

बिजली की आंखमिचौली भी रही जारी
रविवार शाम को तेज हवा आंधी के बाद बिजली गुल होने का सिलसिला भी शुरू हो गया। शहर के कई क्षेत्रों में बिजली की आंखमिचौली जारी रही। नवचंडी क्षेत्र में तो करीब 3 घंटे बिजली गुल रही। वहीं, इंदौर नाका क्षेत्र में शनिवार शाम से गुल हुई बिजली करीब 16 घंटे बाद रविवार दोपहर को आई। शाम को हवा आंधी के बाद दोबारा यहां भी बिजली आती-जाती रही।