
BJP नेता और आसनसोल के पूर्व मेयर जितेंद्र तिवारी को बंगाल पुलिस ने नोएडा एक्सप्रेस-वे से गिरफ्तार किया है। दरअसल, आसनसोल में कंबल बांटने के दौरान भगदड़ हुई थी। इसमें एक बच्चे सहित 3 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग जख्मी भी हुए थे। इस मामले में जितेंद्र तिवारी पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
कंबल बांटने के कार्यक्रम में हुई थी भगदड़
14 दिसंबर 2022 को पश्चिम बंगाल के आसनसोल में जितेंद्र तिवारी ने कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी भी शामिल थे। उनके जाने के बाद कार्यक्रम में भगदड़ मच गई थी। इसमें 3 लोगों की जान चली गई थी, जबकि कई लोग घायल हो गए थे।
पश्चिम बंगाल पुलिस ने जितेंद्र तिवारी के खिलाफ IPC की धारा 304 और 308 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। तब से जितेंद्र फरार चल रहा था। इसी बीच पुलिस को 18 मार्च को जानकारी मिली कि जितेंद्र तिवारी अपनी पत्नी चैताली तिवारी के साथ आगरा जा रहा है। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर जितेंद्र को यमुना एक्सप्रेसवे से गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस उसे कोलकाता ले जा रही है।
Published on:
19 Mar 2023 01:57 pm
