
#UPDusKaDum : ये हैं वेस्ट यूपी के 10 प्रसिद्ध मंदिर, दर्शन करने वाले भक्तों सभी मनोकामनाएं हो जाती हैं पूरी
नोएडा। पश्चिम उत्तर प्रदेश सिर्फ इतिहास, संस्कृति और सभ्यता के लिए ही नहीं, यहां के प्रसिद्ध मंदिरों के चलते भी प्रसिद्ध है। आज हम आपको वेस्ट यूपी के ऐसे दस मंदिरों के बारे में बताने जा रहे हैं जहां मान्यता है कि अगर कोई इंसान इनमें भगवान से कुछ भी मांगे उसकी मनोकामाएं पूर्ण हो जाती है। आइए जानते हैं इन मंदिरों के बारे में।
1. पुरा महादेव मंदिर- बागपत जिले से 4.5किलोमीटर दूर बालौनी कसबे के 'पूरा'नाम के गाँव में पुरा महादेव का मंदिर है। जहां साल भर शिव भक्तों का आना-जाना लगा रहता है। मान्यता है कि इस जगह पर परशुराम ने भगवान शिव की पूजा की थी। इस यहां पर खुदाई के दौरान शिवलिंग प्रकट हुआ और फिर एक विशाल मंदिर का निर्माण कराया गया।
2. शाकुम्भरी देवी मंदिर- सहारनपुर से लगभग 25 मील की दूरी पर शिवालिक की पर्वतमालाओं में स्थित शांकुम्भरी देवी मंदिर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठों में गिना जाता है। मान्यता है कि यहां पर सती का शीश गिरा था। इस मंदिर की प्रतिमा के दाई तरफ भीमा और भ्रामरी तथा बाई तरफ शीताक्षी देवी प्रतिष्ठित हैं। शीताक्षी देवी को शीतला देवी के नाम से भी पुकारा जाता है। नवरात्रों और दुर्गाष्टमी पर यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं।
3. श्री औघड़नाथ शिव मन्दिर- मेरठ कैंट में मौजूद इस मंदिर में प्राचीन काल से शिव की अराधना होती आ रही है। मन्दिर की स्थापना का कोई निश्चित समय उपलब्ध नहीं है। सन् 1857 से पहले वन्दनीय स्थल के रूप में ये मंदिर विद्यमान था। वीर मराठों के समय में कई प्रमुख पेशवा विजय यात्रा से पहले इस मन्दिर में बड़ी श्रद्धा से प्रलयंकर भगवान शंकर की उपासना और पूजा किया करते थे।
4. दूधेश्वरनाथ मंदिर- इस प्राचीन मंदिर का इतिहास लंकापति रावण के काल से जुड़ा हुआ है। मान्यता है कि रावण के पिता विश्रवा ने यहां पर कठोर तप किया था। पुराणों में भी दूधेश्वर मठ का वर्णन है। यह भी कहा जाता है कि रावण ने भी यहां पूजा-अर्चना की थी। बताया जाता है कि गांव कैला की गायें जब यहां चरने के लिए आती तो टीले के ऊपर पहुंचते ही दूध गिरने लगता था। जब लोगों ने टीले की खुदाई की तो वहां एक शिवलिंग प्रकट हुआ। जिसके बाद से इस मंदिर में लाखों की संख्या में श्रद्धालु पूजा करने आते हैं।
5. रावण मंदिर- मान्यता है कि रावण का जन्म ग्रेटर नोएडा के बिसरख गांव में हुआ था। उनके पिता महर्षि विश्रवा का आश्रम इस जगह था। यहां पर एक शिव मंदिर है। जिसे लोग 'रावण मंदिर' के नाम से जानते हैं। रावण मंदिर में आठ भुजाओं वाला शिवलिंग है। इसे अष्टभुजा शिव कहा जाता है। बताया जाता है कि इस शिवलिंग की स्थापना महऋषि विश्रवा ने की थी।
6. लाल मंदिर- नोएडा के सेक्टर-2 स्थित लाल मंदिर का इतिहास नोएडा से भी पुराना है। 1981 में टी-सीरीज के मालिक गुलशन कुमार ने इस मंदिर जीर्णोद्धार किया था। इसकी स्थापना 1963 में हुई। यहां पहले शिवलिंग की स्थापना की गई थी। धीरे-धीरे मंदिर के प्रांगण का विस्तार शुरू हुआ और अब इसमें नवदुर्गा के विभिन्न रूपों की मूर्तियां व शिव परिवार व अन्य देवी-देवताओं की आकर्षक प्रतिमाएं हैं। हर वर्ष लाखों भक्त यहां दर्शन के लिए आते हैं।
7. इस्कॉन मंदिर- नोएडा के सेक्टर-32 इस्कॉन मंदिर में हर वर्ष 6 लाख से अधिक श्रद्धालु जन्माष्टमी पर दर्शन करने आते हैं। इस मंदिर की खूबसूरती भी लोगों को आकर्षित करती है। यहां पर हर रोज लोग अपने परिवारों के साथ भगवान श्रीकृष्ण के द्शन करने आते हैं। यह इस्कॉन समाज का मंदिर है और इस समाज के संस्थापक स्वामी प्रभुपाद हैं।
8. द्रोणाचार्य मंदिर: महाभारत काल के महत्वपूर्ण स्थल दनकौर में विश्व का एकलौता गुरु द्रोणाचार्य का मंदिर है। बताया जाता है कि एकलव्य ने यहीं पर धर्नुविद्या सीखी थी। मंदिर परिसर में बने हुए तालाब का भी ऐतिहासिक महत्व है। मंदिर को देखने वालों की भीड़ अधिक रहती हैै।
9. कुकुर देव मंदिर- गाजियाबाद में लाल कुआं के नजदीक चिपियाना गांव में एक कुत्ते की समाधि है। इसे अब भव्य मंदिर का रूप दे दिया गया है। लोग इसे कुकुर देव मंदिर भी कहते हैं। इसके ठीक सामने एक तालाब भी है। मान्यता है कि जिस व्यक्ति को कुत्ता काट लेता है और वह रविवार के दिन इस तालाब में स्नान करे और अपने कपड़े वहीं छोड़ दे तो वह खुद ब खुद ठीक हो जाता है।
10. राजराजेश्वर मंदिर- बुलंदशहर में मौजूद ये प्राचीन सैकड़ों वर्ष पुराना बताया जाता है। कहा जाता है कि नागाओं ने इस मंदिर की स्थापना की थी। श्रावण मास में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु ”राजराजेश्वर महादेव शिवलिंग” पर जलाभिषेक करने के लिए पहुंचते हैं। कहा जाता है कि जो भी सच्चे मन से बाबा के दरबार में मन्नत मांगता है। उसकी सभी मुरादें पूरी होती हैं।
Published on:
10 Aug 2019 06:10 pm
बड़ी खबरें
View Allनोएडा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
