दरअसल कैराना और नूरपुर में सुबह मतदान शुरू होने के साथ ही ईवीएम मशीनों में गड़बड़ी की खबरें सामने आने लगीं। जिसके बाद विपक्ष ने सरकार पर आरोप लगाना शुरू कर दिया और चुनाव आयोग के यहां शिकायत करने पहुंच गए। इतना ही नहीं मतदान करने के लिए घंटों लाइन में लगने के बाद कई वोटर बिना मतदान किए ही वापस लौटने लगे। इन सब के बीच बीजेपी ने भी ईवीएम की में खराबी की शिकायत की। दिन भर राजनीतिक गहमागहमी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी रहा। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी ट्वीट कर ईवीएम में गड़बड़ी होने की शिकायत की। इतना ही नहीं उन्होंने कहा ''किसान, मजदूर, महिलाएं और नौजवान भरी धूप में वोट डालने के लिए अपनी बारी के इंतजार में भूखे-प्यासे खड़े हैं। ये तकनीकी खराबी है या चुनाव प्रबंधन की विफलता या फिर जनता को मताधिकार से वंचित करने की साजिश। इस तरह से तो लोकतंत्र की बुनियाद ही हिल जाएगी।'