
मां का मोबाइल क्लास में लेकर पहुंचा छात्र, महिला टीचर का बनाया वीडियो, मची खलबली
ग्रेटर नोएडा। दादरी क्षेत्र के एक इंग्लिश मीडियम स्कूल का छात्र मंगलवार सुबह अपनी मां का मोबाइल छिपाकर स्कूल में ले गया। उसने अपनी एक टीचर की क्लास में पढ़ाते वक्त छिपकर वीडियो बना डाली। इसकी जानकारी होने पर पूरा स्कूल प्रबंधन हरकत में आ गया और तत्काल उसके घर पर सूचना दी गई। स्कूल पहुंचे दादा ने उसे सबके सामने दो थप्पड़ लगाते हुए कहा कि आज तुम घर आओ तुम्हें सबक सिखाया जाएगा। उसे दादा की यह बात बुरी लगी और वह स्कूल से घर जाने के बजाय कहीं और चला गया।
देर रात तक भी छात्र के घर नहीं पहुंचने पर पारिवारीजनों के साथ-साथ स्कूल प्रबंधन भी परेशान हो गया। उसकी गुमशुदगी की सूचना भी पुलिस को दे दी गई, लेकिन देर रात ही अचानक क्लास 12 के इस छात्र ने टीचर को फोन कर अपनी हरकत के लिए शर्मिंदगी जताई। उसने बताया कि वह स्कूल के बाद दोस्त के घर चला गया था। इसके बाद देर रात को ही स्कूल प्रबंधन के लोगों ने छात्र को उसके घर पहुंचाया। आपको बता दें कि आजकल की नई जनरेशन के बच्चों में इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला गाजियाबाद में भी सामने आया था जो कि और भी अधिक चौंकाने वाला था।
यह भी देखें-तो इसलिए दोस्त ने उतारा दोस्त को मौत के घाट
दरअसल उस मामले में एक चौथी कक्षा के छात्र ने पांचवीं कक्षा की छात्रा के साथ बलात्कार की घटना को अंजाम दिया था। इस घटना के बारे में जब मनोचिकित्सक से बात की गई थी तो उन्होंने बताया था कि बच्चों में इस तरह की प्रवृत्ति परिजनों द्वारा बच्चे पर ध्यान न देने व अधिक लाड़ प्यार की वजह से भी पनप रही। इसके अलावा सोशल मीडिया पर वायरल होते वीडियो आदि को देखने के लिए भी बच्चों में मोबाइल के प्रति आकर्षण बढ़ रहा है।
Updated on:
25 Aug 2018, 2:12 PM IST
Published on:
25 Aug 2018, 2:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.