
नोएडा। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर देशभर में 21 दिन का लॉकडाउन लगाया गया है। बावजूद इसके आए दिन कोरोना के नए केस सामने आ रहे हैं। ताजा तीन मामले जनपद गौतमबुद्ध नगर में शुक्रवार को सामने आए। जिनकी सैंपल रिपोर्ट आने के बाद लखनऊ स्थित किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज ने इसकी पुष्टि की है।
जिन तीन मरीजों में अब कोरोना की पुष्टि हुई है उनमें दो महिला व एक पुरुष शामिल है। इनमें दो मरीज सेक्टर-137 स्थित पारस टेयरा सोसायटी में मिले हैं, जबकि एक केस ग्रेटर नोएडा स्थित ऑमिक्रॉन सेक्टर-तीन में सामने आया है। इन तीनों मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही गौतमबुद्ध नगर में मरीजों की संख्या अब कुल 17 पहुंच चुकी है। जो कि उत्तर प्रदेश के किसी भी जिले में सबसे अधिक है।
जानकारी के अनुसार 33 वर्षीय महिला व 54 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव रोगी के संपर्क में आने से संक्रमित हुई हैं। जबकि तीसरे मरीज की बात करें तो अभी तक उसके बार में कोई जानकारी नहीं है कि वह कैसे वायरस की चपेट में आई है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग द्वारा इनके परिवार के भी सैंपल लिए गए हैं।
सोसायटी की गईं सील
कोरोना वायरस संक्रमित मरीज मिलने के बाद जिलाधिकारी गौतमबुद्ध नगर ने सेक्टर-137 स्थित पारस टेयरा व ग्रेटर नोएडा स्थित ऑमिक्रॉन सेक्टर-तीन सोसायटी को अस्थाई रूप से 29 मार्च तक के लिए सील कर दिया गया। जिलाधिकारी बी.एन सिंह ने इस बाबत बताया कि सोसायटी को सैनिटाइज करने के लिए सील किया गया है। इस अवधि में किसी भी व्यक्ति को न तो सोसायटी में प्रवेश दिया जाएगा और न ही बाहर जाने दिया जाएगा।