अपने हाथों में झाड़ू लिए सड़को की सफाई करते दिखने वाले यह कार्यकर्ता कोई और नहीं सीआईपीएल फाउंडेशन के सैकड़ों कार्यकर्ता हैं, जो 'स्वच्छता ही सेवा' और 'स्पर्श गंगा अभियान' का हिस्सा बन इस कार्यक्रम में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेते नजर आए। वहीं, इस कार्यक्रम में पहुंचे उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक के मुख्य सलाहकार और सचिव राजेश नैथानी ने कहा कि स्वच्छता जीवन का जरूरी हिस्सा तो है ही आज के दौर में हमें अपने संसाधनों की सोच-समझकर खपत करनी होगी, ताकि आने वाली पीढ़ियों को उनका सुरक्षित कल दिया जा सके। उन्होंने कहा कि आज अमेरिका, दक्षिण अफ्रीका जैसे कई देशों में प्लास्टिक बोतल को न कहते हुए उसकी जगह जग और ग्लास की पुरानी भारतीय परंपरा को अपना लिया गया है। आज के दौर में हमें भी अपनी जड़ों की ओर लौटना होगा तब ही हमारे प्राकृतिक संसाधनों का दोहन होने से बचेगा।