No video available
हिण्डौनसिटी. करौली रोड पर कोतवाली थाना से महज 500 मीटर दूर स्थिति एक किराना की दुकान से मंगलवार रात चोर दीवार तोड़ कर सूखे मेवा व अन्य सामान चुरा ले गए। बुधवार सुबह दुकान पर पहुंचने पर सामान बिखरा देख चोरी होने का पता चला। घटना की सूचना पर थाना पुलिस ने मौका मुआयना कर दुकानदार से चोरी से हुए नुकसान की जानकारी ली।
रोडवेज डिपो के बाहर किराना की थोक दुकान के संचालक सुरेंद्र कुमार ऐरन बताया कि मंगलवार देर शाम उसने आम दिनों की भांति दुकान बंद की थी। बुधवार सुबह 9 बजे दुकान खोलने पर गद्दी पर सूखे मेवे की थैलियों बिखरी थीं। तथा रैक खुली पड़ी थी। वहीं गद्दी के सामने की दीवार टूटी पड़ी थी। सूचना पर किराना संघ के अध्यक्ष अनिल गोयल सहित अन्य दुकानदार मौके पर पहुंच गए। इस दौरान पुलिस ने भी मौका मुआयना किया। पीडि़त दुकानदार ने बताया कि चोर दुकान से 4500 रुपए के नकदी व रेजगारी, 8 किलो काजू, 10किलो बादाम, 5 किलो पिस्ता, 16 किलो दाख, 5 किलो घी, 6 ठंडाई की बोतल, 20 पैकेट बीडी व 15 डंडा सिगरेट के चुरा ले गए। चोरी गया सामान करीब 50-60 हजार रुपए का बताया गया है।
तीन साल में तीसरी वारदात
पीडि़त दुकानदार ने बताया कि तीन वर्ष में उसकी दुकान में चोरी की तीसरी वारदात है। गत दो घटनाओं की भी कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी, लेकिन खुलासा नहीं हुआ।