
Amazing Health Benefits of Goddess Pose Utkata-Konasana-Karne-Ke-Fayde
नई दिल्ली। Utkata Konasana: योगासनों का हमारे शारीरिक स्वास्थ्य को बनाए रखने में अहम योगदान होता है। यहां तक कि कई बीमारियों को दूर करने के लिए भी कुछ विशेष प्रकार के योगासनों के लाभ देखे गए हैं। योगासन ना केवल आपके शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि आपको मानसिक रूप से भी मजबूत बनाकर एक बेहतर जीवन जीने में मदद करते हैं। इन्हीं योगासनों में से एक है, उत्कट कोणासन। उत्कट कोणासन कई शारीरिक समस्याओं को दूर करने में सहायक हो सकता है। खासकर महिलाओं के लिए इसके नियमित अभ्यास के काफी फायदे देखे गए हैं। तो आइए जानते हैं उत्कट कोणासन के स्वास्थ्य से जुड़े कई फायदों के बारे में...
1. महिला स्वास्थ्य के लिए
संपूर्ण शारीरिक स्वास्थ्य के साथ ही प्रजनन अंगों से जुड़े विकारों को दूर करने और बेहतर प्रजनन क्षमता के लिए महिलाओं को उत्कट कोणासन का नियमित अभ्यास करना चाहिए। इसके अलावा, गर्भावस्था से पहले और गर्भवती महिला के लिए भी उत्कट कोणासन का अभ्यास फायदेमंद बताया गया है। यही नहीं, डिलीवरी के दौरान होने वाली दिक्कतों से बचने के लिए भी यह योगासन लाभदायक साबित हो सकता है।
2. अर्थराइटिस के दर्द में
घुटने या गठिया के दर्द जैसी समस्याओं में इस योगासन का अभ्यास काफी फायदा पहुंचा सकता है। जिन लोगों को गठिया अथवा सायटिका की दर्द जैसी परेशानी है, तो इसके नियंत्रण के लिए उत्कट कोणासन किया जा सकता है। इसके अलावा, इस योगासन का अभ्यास आपके पैर और जांघों की मांसपेशियों के लिए बहुत फायदेमंद होता है।
3. संतुलन के लिए
जहां एक तरफ उत्कट कोणासन के शारीरिक लाभ देखे गए हैं, वहीं मानसिक स्थिरता तथा फोकस में वृद्धि करने के लिए इस योगासन का अभ्यास बहुत फायदेमंद माना गया है। खासकर आजकल भाग-दौड़ भरी जिंदगी में बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी के लिए ध्यान केंद्रित करने और तनाव को कम करने में यह योगासन बहुत लाभदायक बताया गया है।
4. स्वस्थ पेट के लिए
हमारे शरीर में कई रोग पेट की खराबी के कारण ही जन्म लेते हैं। ऐसे में अपने पाचन और पेट को स्वस्थ रखना बहुत आवश्यक हो जाता है। ऐसे में उत्कट कोणासन का नियमित अभ्यास पेट के भीतर मौजूद अंगों को फायदा पहुंचा सकता है। इस योगासन को करने वाले व्यक्ति के किडनी तथा मूत्राशय से जुड़ी समस्याएं भी कम की जा सकती हैं। इसके अलावा, प्रोस्टेट ग्लैंड को सही रखने में भी उत्कट कोणासन लाभकारी साबित हो सकता है।
Published on:
07 Jan 2022 03:47 pm
बड़ी खबरें
View Allस्वास्थ्य
ट्रेंडिंग
लाइफस्टाइल
