
sagar
आषाढ़ के दूसरे मंगलवार पर हनुमान मंदिर में विशेष पूजन-अभिषेक हुआ। ऐतिहासिक गढ़पहरा धाम में भगवान के दर्शन के साथ लोगों ने मेले का आनंद भी लिया। शहर के डूडावली हनुमानजी का रुद्राक्ष से भगवान शिव स्वरूप में मनोहारी श्रृंगार किया गया। सिद्धेश्वर मंदिर बड़ा बाजार में 108 किलो आम से हनुमानजी का श्रृंगार हुआ। पहलवान बब्बा में खीर का भोग लगा। शहर के सभी मंदिरों में दिन से रात तक दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।
चंपाबाग स्थित सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर में सुबह 6 बजे हनुमानजी महाराज का पं रघु शास्त्री ने वेद मंत्रो से दूध, पंचामृत से अभिषेक किया। चोला श्रृंगार किया गया। प्रात: काल 7 बजे मंगला आरती हुई। शाम 5 बजे संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया।108 किलो आम के फल से भगवान का श्रृंगार किया गया। शाम 7.30 बजे आरती के बाद कड़ी व चावल का प्रसाद वितरण किया गया।
देव डुडावली हनुमान का रुद्राक्ष अर्पण कर शिवजी स्वरूप में श्रृंगार किया गया। संतोष सोनी मारुति ने बताया कि सुबह हनुमान जी सरकार का गंगा व नर्मदा जल से अभिषेक हुआ। इसके बाद रुद्राक्ष अर्पण कर विशेष श्रृंगार किया जाएगा। रात 8 बजे 1100 दीपों से भक्तों के द्वारा महाआरती की गई। वहीं राम मारुति धाम मंदिर लहदरा नाका भोपाल रोड सागर में हनुमानजी के पिता केसरी व मां अंजनी देवी की विशेष पूजा अर्चना के साथ महाआरती हुई।
धर्मश्री स्थित मंशा पूरन बालाजी मंदिर में बालाजी सरकार को 21 किलो लड्डुओं का भोग लगाया गया। मंदिर के चरण सेवक प्रकाश साहू ने बताया कि सुबह बालाजी सरकार का जलाभिषेक कर चोला चढ़ाया। आरती के बाद भक्तों की समस्याओं के निवारण के लिए अर्जी लगाई गई। दोपहर 2 बजे से संगीतमय सुंदरकांड के बाद प्रसादी वितरण हुआ।
Published on:
25 Jun 2025 05:04 pm
बड़ी खबरें
View Allसमाचार
ट्रेंडिंग
