नई दिल्ली। रियल एस्टेट कंपनी आम्रपाली से टीम इंडिया के कप्तान महेन्द्र धोनी ने रिश्ता तोड़ लिया है। अब वे आम्रपाली ग्रुप के विज्ञापनों में भी नजर नहीं आएंगे। लेकिन कप्तान धोनी और उनकी पत्नी साक्षी को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। खुलासा यह हुआ है कि धोनी रियल एस्टेट कंपनी आम्रपाली के ब्रांड एंबेसडर ही नहीं बल्कि कंपनी में पार्टनर भी थे। धोनी की पत्नी साक्षी की इस कंपनी में 25 फीसदी हिस्सेदारी थी। साक्षी इस कंपनी में डायरेक्टर हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, आम्रपाली से एमएस धोनी के रिश्ता तोडऩे के एक दिन बाद साक्षी सिंह धोनी भी कंपनी के डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया है।
इन दस्तावेजों में साफ दर्ज है धोनी और आम्रपाली का रिश्ता
कॉरपोरेट अफेयर्स मंत्रालय में दाखिल दस्तावेजों में धोनी और आम्रपाली का रिश्ता साफ साफ दर्ज है। कंपनी का नाम है-आम्रपाली माही डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड और डायरेक्टर के कॉलम में नाम दर्ज हैं। आम्रपाली के मालिक अनिल शर्मा और धोनी की पत्नी साक्षी सिंह धोनी। इस कंपनी के रजिस्टर्ड दफ्तर के तौर पर पता दर्ज है।
ऑफिस नंबर 307, थर्ड फ्लोर, निपुण टावर, कम्यूनिटी सेंटर, कड़कडड़ूमा, दिल्ली
माही धोनी का ही उपनाम है और वो क्रिकेट की दुनिया में माही के नाम से ज्यादा मशहूर हैं। इसलिए आम्रपाली के साथ नई कंपनी में माही नाम का इस्तेमाल किया गया। आम्रपाली माही डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी साल 2011 में बनाई गई थी।
25 फीसदी हिस्सेदारी साक्षी के नाम
कॉरपोरेट अफेयर्स मंत्रालय में दाखिल किए दस्तावेज के मुताबिक 1 लाख रुपए की शेयर पूंजी के साथ खोली गयी कंपनी में 75 फीसदी हिस्सेदारी आम्रपाली के मालिक अनिल कुमार शर्मा के नाम थी बाकी 25 फीसदी हिस्सेदारी धोनी की पत्नी साक्षी सिंह धोनी के नाम थी। धोनी के करीबी सूत्रों के मुताबिक, कंपनी बनाने का मकसद झारखंड में एक प्रोजेक्ट विकसित करना था। इसके लिए धोनी ने मोटी रकम भी दी थी। लेकिन उसके बाद से आम्रपाली की माली हालत खराब होती गई और प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चला गया।
ये रही विवाद की वजह
गौरतलब है कि साल 2010 में टीम इंडिया के कप्तान धोनी ने आम्रपाली ग्रुप के एंबेसेडर बन थे। लेकिन अब धोनी का कंपनी के साथ बड़े विवाद की वजह बनता जा रहा था। कुछ ही दिन पहले आम्रपाली ग्रुप के प्रोजेक्ट में घर खरीदने वालों ने धोनी के खिलाफ ट्विटर पर मुहिम छेड़ दी थी। जिन्हें वक्त पर घर नहीं मिला है वो कहने लगे कि घर दिला दो धोनी।
जिनके फ्लैट में वादे के मुताबिक काम पूरे नहीं हुए हैं वो बिल्डर पर काम पूरा करवाने के लिए दबाव बनाने की मांग करने लगे थे। इस पर आखिरकार धोनी को भी ये कहना पड़ा कि वो इस बारे में आम्रपाली ग्रुप से बात करेंगे। साथ ही धोनी ने कहा कि आम्रपाली को लोगों से किए वादे को पूरा करना चाहिए।