ओपिनियन

आपकी बात, क्या सोशल मीडिया भी चुनावों को प्रभावित करता है?

पाठकों की मिलीजुली प्रतिक्रियाएं आईं, पेश हैं चुनिंदा प्रतिक्रियाएं।

2 min read
Oct 15, 2023
आपकी बात, क्या सोशल मीडिया भी चुनावों को प्रभावित करता है?

सोशल मीडिया का चुनाव पर असर सोशल मीडिया विचारों को प्रभावित करने का महत्त्वपूर्ण माध्यम बन गया है। इसका प्रभाव चुनावों पर भी पड़ रहा है। राजनीतिक दल और प्रमुख नेता सोशल मीडिया के जरिए अपने संदेशों को लोगों तक पहुंचाते हैं। इसके अलावा, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैलाई जा रही पुष्ट या अपुष्ट सूचनाओं का भी लोगों पर प्रभाव पड़ता है।

-अतुल सराफ, रीवा मध्यप्रदेश

.............

फेक न्यूज को रोकें

सोशल मीडिया पर फेक न्यूज का प्रसार भी लोगों को प्रभावित करता है। इस तरह की फेक न्यूज को रोकने की जरूरत है। इस माध्यम का सही इस्तेमला जनता के अधिकारों और मतदान के प्रति जागरूकता पैदा करने क लिए भी किया जा सकता है।

-सत्य प्रकाश ओझा बीकानेर

.............

सकारात्मक और नकारात्मक प्रभाव

चुनावी संदर्भ में सोशल मीडिया के सकारात्मक व नकारात्मक दोनों ही पक्ष हैं। लेकिन जब मुख्यधारा भी निष्पक्ष न रहे, तो सोशल मीडिया को ही दोष देना बेकार है।

-शिवा सारस्वत, निवाई, टोंक

............

जरूरी है सावधानी

सोशल मीडिया चुनावों पर महत्वपूर्ण प्रभाव डाल सकता है। मतदाता राजनीतिक विचारों, उम्मीदवारों और चुनाव के बारे में सोशल मीडिया से भी जानकारी लेते हैं। यह गलत भी हो सकती है। इसलिए सावधानी जरूरी है। -पारस मल बोस, गुड़ामालानी, बाड़मेर

..............

जिम्मेदारी से उपयोग करें

भारत में सोशल मीडिया चुनावों को प्रभावित करता है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म विचार-विमर्श और राजनीतिक संवाद का भी माध्यम है, जिसका चुनाव प्रक्रिया पर असर पड़ता है। सोशल मीडिया पर पार्टियों और उम्मीदवारों द्वारा राजनीतिक प्रचार, वोटर मोबाइलाइजेशन और अपने संदेश को पहुंचाने के लिए उपयोग किया जाता है। इसके साथ ही, अक्सर वहां गलत जानकारी और आपसी विवादों का भंडार भी होता है, जिससे लोगों के दृष्टिकोण पर प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए, सोशल मीडिया का चुनाव प्रक्रिया पर महत्वपूर्ण प्रभाव होता है और इसका सही और जिम्मेदारी पूर्ण उपयोग महत्वपूर्ण है।

-डॉ. जयंत आईजेक, रायपुर

...............

चुनाव प्रभावित

ज्यादातर व्यक्ति अपना समय ज्यादातर सोशल मीडिया पर व्यतीत करते है । राजनीतिक दलों ने भी प्रचार का माध्यम आज कल सोशल मीडिया को बना लिया है। जिससे वो नेता की छवि को देखता है, उसका व्यवहार देखता है , फिर वोट देता है। इस भागदौड़ भरी जिंदगी में सोशल मीडिया महत्वपूर्ण विकल्प है जिससे व्यक्ति नेताओं पर घर बैठे नजर रखते है , फिर चुनावों में अच्छे नेता को चुनते है। इस तरह सोशल मीडिया ने भी चुनावों को प्रभावित करना शुरू कर दिया है

-निशा बाकोलिया,चूरू

...........

लोगों को बनाया सशक्त

भारत में सोशल मीडिया का विकास और प्रभाव विस्मयकारी है। इसने संचार में क्रांति ला दी है, लोगों को सशक्त बनाया है। इसका असर राजनीति पर भी हुआ है। सोशल मीडिया ने अभिव्यक्ति और जुड़ाव के अवसर प्रदान किए हैं। -नरपत सिंह चौहान, जैतारण, पाली

......

चुनावों पर भी प्रभाव

ग्रामीण चौपाल, चाय की थड़ी, चौराहे पर होने वाली चर्चाओं का स्थान सोशल मीडिया ले चुका है। इस कारण सोशल मीडिया का चुनावों को प्रभावित करना लाजमी है। आज का युवा, कामगार, नौकरीपेशा गृहिणी सभी अपना काफी समय सोशल मीडिया पर बिताते हैं। निस्संदेह सोशल मीडिया का प्रभाव आम आदमी पर रहता है। -सत्तार खान कायमखानी, कुचेरा, नागौर

Published on:
15 Oct 2023 05:47 pm
Also Read
View All

अगली खबर