सोशल मीडिया पर फेक न्यूज के माध्यम से समाजकंटक समाज में वैमनस्यता, नफरत फैलाने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का काम करते हैं। बिना किसी जांच-पड़ताल के अधिकांश मुद्दों को जाति, धर्म, संप्रदाय में बांट कर वास्तविकता और संविधान की मूल भावना को दरकिनार करके असभ्य और अमर्यादित भाषा में टिप्पणी करने लगते हैं। इनके खिलाफ त्वरित कठोर कानूनी कार्रवाई आवश्यक है।
—प्रकाश भगत, चांदपुरा,कुचामन सिटी
………………………………………………….
सोशल मीडिया अकाउंट को आधार कार्ड या अन्य सरकारी आईडी से लिंक कर देना चाहिए। सरकार को शिकायत निवारण अधिकारी की नियुक्ति करनी चाहिए जो सोशल मीडिया संबंधी समस्याओं को हल कर सके और आपत्तिजनक व अश्लील सामग्रियों को हटा सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर सके।
—अरविंदर सिंह, कोटपुतली
……………………………………………..
सरकार बनाए गाइडलाइन
सोशल मीडिया का दुरुपयोग रोकने के लिए सरकार को गाइडलाइंस बनानी चाहिए। उसमें वह कंपनियों को ऐसी तकनीक लाने का भी कह सकती है जिससे आपत्तिजनक कंटेंट पोस्ट या शेयर करने वालों की पहचान हो सके।
– झंवरलाल नायक, बीकानेर
…………………………………………………….
आम नागरिकों में इस बात की समझ भी नहीं है कि किस बात को कैसे लोगों के समक्ष रखना है। साथ ही राजनैतिक दल भी इसका भरपूर उपयोग अपने फ़ायदे के लिए कर रहे है। अब किससे यह उम्मीद की जाये? सोशल मीडिया भारत में अभी अपने उत्कर्ष पर है, इसलिए उसकी आक्रामकता स्वाभाविक है,परंतु यहां उसे अपनी मर्यादाओं और जिम्मेदारियों को समझना होगा। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का महत्व समझते हुए उसका दुरुपयोग करने से बचने की जरूरत है। ऐसा न हो कि सोशल मीडिया के धुरंधरों की ये नादानियां सत्ता को इस माध्यम पर अंकुश लगाने का अवसर दे बैठे।
डॉ.अजिता शर्मा (उदयपुर)
…………………………………………..
सोशल मीडिया में जो आवश्यक कार्य हो उसका ही उपयोग किया जाए। टाइम पास के लिए इसका दुरुपयोग न करे। सोशल मीडिया जागरूकता और प्रचार के लिए होता है। इसमें भ्रामक और फालतू की बातों से बचना चाहिए। बच्चों को सोशल मीडिया से दूरी बनाकर रखे ताकि वो इसका दुरुपयोग न कर सके। सोशल मीडिया लोगों की सहायता का एक प्लेटफार्म होता है। इसका उपयोग सदैव सही कार्यों के लिए करना चाहिए।
दिलीप शर्मा, भोपाल, मध्यप्रदेश
………………………………………………….
सरकार इसके दुरुपयोग को रोकने के लिए कडे कानून बनाए। फेक मीडिया पोस्ट के लिए दंडित करे। पोस्ट्स यूजर के आधारकार्ड व मोबाइल नंबर के बिना पोस्ट नहीं हो।
आर्थिक व आपराधिक दण्ड की व्यवस्था हो।
मुकेश भटनागर, भिलाई, छत्तीसगढ़
…………………………………………………..
सोशल मीडिया के दुरुपयोग को रोकने के लिए जवाबदेही तय की जानी चाहिए। सरकार को सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर आदर्शवादिता का उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए। सोशल मीडिया के माध्यम से जनता की दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान के रूप में इसे उपयोगी बनाया जाए।
जितेश कुमार शर्मा, रोशनपुरा बनेडिया,दूदू राजस्थान