
आपकी बात, क्या भारत में चुनाव सुधारों की आवश्यकता है?
अच्छे जन प्रतिनिधियों की जरूरत
भारत जैसे जीवंत लोकतंत्र में यह आवश्यक है कि देश में सुशासन के लिए अच्छे जन प्रतिनिधि चुने जाएं। इससे जनजीवन में नैतिक मूल्यों को बढ़ावा मिलता है। साथ ही ऐसे उम्मीदवारों की संख्या भी बढ़ती है, जो सकारात्मक वोट के आधार पर चुनाव जीतते हैं। लोकतंत्र की इस प्रणाली में मतदाता को उम्मीदवार चुनने या अस्वीकार करने का अवसर दिया जाना चाहिए, जो राजनीतिक दलों को चुनाव में अच्छे उम्मीदवार उतारने पर मजबूर करे। कोई भी लोकतंत्र इस आस्था पर काम करता है कि चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष होंगे। यह चुनाव प्रक्रिया ही है, जो चुने गए लोगों को गुणवत्ता और उनके प्रदर्शन के माध्यम से हमारे लोकतंत्र को प्रभावी बनाती है। वर्तमान की दोषपूर्ण चुनाव प्रक्रिया व जाति आधारित राजनीति देश की बुनियाद और एकता पर प्रहार कर रही है और आज जाति चुनाव जीतने में एक प्रमुख कारक बनी हुई है। अक्सर उम्मीदवारों का चयन उपलब्धियों, क्षमता और योग्यता के आधार पर न होकर जाति, पंथ और समुदाय के आधार पर होता है। स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव भारतीय लोकतंत्र की आत्मा हैं। भारत में चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले कारकों का उल्लेख करते हुए चुनाव सुधार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का विश्लेषण करने की आवश्यकता हैं।
-डॉ. अजिता शर्मा, उदयपुर
..............................
आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाए
भारत जैसे विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश में चुनाव सुधार समय के अनुसार होते रहते हैं और भविष्य में भी होते रहेंगे। भारत में चुनावों में सुधारों का दौर टी.एन. शेषन के समय से शुरू हुआ है, जो अब तक निर्बाध गति से जारी है। अब इंटरनेट का जमाना आ गया है। अत: भारत जैसे लोकतांत्रिक देश के लिए चुनावों को आधुनिक तकनीक से करवाना शुरू कर देना उचित प्रतीत होता है। प्रत्येक मतदाता को एक पासवर्ड जारी करके एक निर्धारित समय में मतदान करना निश्चित कर देना चाहिए, जिससे आर्थिक भार भी कम पड़ेगा और कार्मिकों की भी इतनी आवश्यकता नहीं होगी। फर्जी मतदान की संभावना भी लगभग नगन्य के बराबर हो जाएगी।
-कैलाश चन्द्र मोदी, सादुलपुर, चूरू
.....................................
अपूर्ण रहती है मतदाता सूची
राजनीति के जटिल आंतरिक चरित्र और गठबंधन की अंतहीन संभावनाओं के चलते भारत में चुनाव परिणाम का अनुमान लगाना बेहद कठिन है। भारत के मतदाता लोकसभा के 543 सदस्यीय निचले सदन के लिए सांसदों का चुनाव करते हैं। क्षेत्र के हिसाब से दुनिया के सातवें बड़े और दूसरी सबसे अधिक आबादी वाले देश में चुनाव कराना बेहद जटिल कार्य है। भारतीय चुनाव प्रणाली की सबसे बड़ी खामी यह है कि चुनाव से पूर्व तक मतदाता सूची अपूर्ण रहती है। परिणामस्वरूप अनेक नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग करने से वंचित रह जाते हैं। इस कारण भारत में चुनाव सुधार जरूरी हैं।
-अजय यादव, पथरिया, छत्तीसगढ़
.......................
द्विदलीय व्यवस्था की जाए
भारत में चुनाव सुधारों की महती आवश्यकता है। बहुदलीय व्यवस्था पर रोक लगाकर द्विदलीय व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे पूर्ण बहुमत वाली सरकार बन सके। गठबन्धनों वाली सरकारें विकास नहीं करा सकतीं। सभी ही चुनाव एक साथ हों। इससे समय और धन की बर्बादी रोकी जा सकती है। कानून में संशोधन कर दलबदल पर पूर्ण रोक लगे। जन प्रतिनिधियों की शैक्षणिक योग्यता तय की जाए। जन प्रतिनिधि को जीवन में दो बार से अधिक चुनाव लडऩे का अधिकार न हो
-कैलाश मनभावन सारस्वत, सांजू, नागौर
..............................
एक साथ चुनाव करवा जाए
भारत में चुनाव सुधार बहुत ज्यादा जरूरी हैं। हर साल किसी ना किसी राज्य में चुनाव चलते ही रहते हैं, जिसमें सरकार का भी पैसा खर्च होता है। भारत में चुनाव एक साथ कराने चाहिए, ताकि पैसे की बचत हो, विकास ज्यादा हो। नगरपालिका अध्यक्ष, मुख्यमंत्री तथा प्रधानमंत्री के चुनाव सीधे जनता द्वारा हों, ताकि खरीद-फरोख्त पर रोक लगे। अच्छे जनप्रिय लोग चुन कर आएं और देश का विकास करें, अपराधियों को चुनाव प्रक्रिया से दूर रखने के लिए कानून बने।
-अशोक कुमार, अनूपगढ़, श्रीगंगानगर
...........................................
मतदाताओं की जागरूकता आवश्यक
हमारा देश दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। चुनाव लोकतंत्र की नींव होते हैं और हमारे देश में इनमें सुधार भी हुए हैं, लेकिन जब तक देश का शत प्रतिशत मतदाता लोकतंत्र, चुनाव और मतदान के लिए जागरूक नहीं होगा, तब तक चुनाव आयोग के चुनाव सुधार के लिए किए जा रहे प्रयास भी सार्थक नहीं होंगे।
-राजेश कुमार चौहान, जालंधर
...........................
जरूरी है चुनाव सुधार
देश की चुनाव प्रक्रिया में कई खामियां हैं, जैसे सत्तारूद दल द्वारा सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग, जाली व फर्जी मतदान की बढ़ती प्रवृत्ति, बाहुबल का प्रयोग, जाति व धर्म के नाम चुनाव प्रचार आदि। ऐसे में चुनाव सुधार महत्त्वपूर्ण हो जाते है । चुने गए लोगों की गुणवत्ता ही लोकतंत्र को प्रभावी बनाता है। इसलिए भारत जैसे जीवंत लोकतंत्र के लिए यह अनिवार्य है कि चुनाव स्वतंत्र एवं निष्पक्ष हों। अत: हमें चुनाव सुधारों की ओर ध्यान देना चाहिए।
. --कमलेश कुमार कुमावत, चौमूं जयपुर
...........................
सत्ता का दुरुपयोग
भारतीय चुनाव में सत्तारुढ़ दल द्वारा सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग आम बात हो गई है। दलीय लाभ के लिए प्रशासनिक तंत्र के दुरुपयोग के विरुद्ध विपक्षी दल हमेशा आवाज उठाते रहे हैं, परंतु दुर्भाग्य की बात यह है कि जब भी विपक्षी दल सत्तारुढ़ हुआ तो वह भी इस दोष से मुक्त नहीं हो पाया है।
-सुनिल कुमावत दिवराला, सीकर
.............................
लोकतंत्र की साख पर प्रभाव
दलबदल की प्रवृत्ति, खरीद-फरोख्त, संसद व विधानसभाओं में अपराधियों का प्रवेश, धनबल, बाहुबल के बढ़ते प्रभाव से लोकतंत्र की साख प्रभावित हो रही है। ऐसे में चुनाव सुधार वक्त की मांग है, तभी राजनीति के बिगड़ते स्वरूप को रोका जा सकेगा और तभी पैसे के बल पर सरकारें गिराने का खेल थम सकेगा।
-शिवजी लाल मीना, जयपुर
.......................
स्वच्छ छवि के नेताओं की जरूरत
वर्तमान परिस्थितियों के हिसाब से चुनाव सुधार भारत में एक महत्त्वपूर्ण आवश्यकता हो गई है। बाहुबलियों के चुनाव में जीत कर आने से लोकतंत्र की छवि धूमिल होती जा रही है। लोकतंत्र स्वस्थ तभी रह पाता है, जब स्वच्छ छवि वाले कर्मठ नेता अपने काम के प्रति जिम्मेदार हों। चुनाव प्रणाली के साथ-साथ राजनेताओं के राजनीतिक व्यवहार को नैतिक बनाने की भी आवश्यकता है।
-हरकेश दुलावा एदौसा
..................
रोकना होगा राजनीति का अपराधीकरण
चुनावों में बढ़ता धन-बल का प्रयोग, राजनीति का बढ़ता अपराधीकरण, भ्रष्टाचार आदि को रोकने के लिए भारत में चुनाव सुधारों की आवश्यकता है। चुनाव सुधारों के लिए दिनेश गोस्वामी समिति ने महत्त्वपूर्ण सुझाव दिए थे, जिन पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
-रवि शर्मा, गंगापुर सिटी
Published on:
25 Jan 2021 06:00 pm
बड़ी खबरें
View Allओपिनियन
ट्रेंडिंग
