5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Leadership: कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए व्यावहारिक रणनीतियां

कृतज्ञता की भावना विकसित करके एक लीडर आस-पास के लोगों को प्रेरित करने की अपनी क्षमता को बेहतर बना सकता है

2 min read
Google source verification

image

Nitin Kumar

Jul 31, 2023

Leadership: कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए व्यावहारिक रणनीतियां

Leadership: कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए व्यावहारिक रणनीतियां

प्रो. हिमांशु राय
निदेशक, आइआइएम इंदौर
.......................................

कृतज्ञता एक लीडर के लिए अत्यंत महत्त्वपूर्ण है, पिछले कुछ आलेखों में इस स्तम्भ में इस पर चर्चा की जा रही है। मैंने यह भी चर्चा की, कि कृतज्ञता व्यक्त करने से किस प्रकार कार्यस्थल पर सकारात्मक असर पड़ता है और एक नई, सहज संस्कृति का निर्माण हो सकता है। आज कुछ ऐसे तरीकों पर बात करेंगे जो लीडरों को नेतृत्व प्रथाओं में कृतज्ञता के समावेश के लिए सशक्त बनाते हैं:
1. उदाहरण स्थापित करना: टीम में कृतज्ञता का भाव निर्मित करने का एक लीडर के लिए सबसे प्रभावी तरीका उदाहरण स्थापित करना है। उन्हें चाहिए कि टीम सदस्यों के प्रयासों और योगदान के लिए सच्ची सराहना प्रदर्शित करें, नियमित रूप से और खुले तौर पर आभार व्यक्त करें। फिर चाहे आप ‘थैंक यू नोट्स’ का प्रयोग करें या सार्वजनिक स्वीकृतियां दें, या व्यक्तिगत तौर पर अधीनस्थ को धन्यवाद बोलें। इस तरह आप उन्हें महसूस करवाते हैं कि आप उनके योगदान को सराहते हैं।
2. कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए प्रोत्साहन: टीम की बैठकों में टीम सदस्यों से कुछ ऐसा साझा करने के लिए कहें जिसके लिए वे आभारी हैं द्ग जैसे कोई उपलब्धि, सहयोगी, या सकारात्मक कार्य अनुभव। सभी को सक्रिय रूप से सुनने और एक-दूसरे के योगदान की सराहना करने के लिए प्रोत्साहित करें। सकारात्मक दृष्टिकोण वाली बैठकों से जुड़ाव व प्रशंसा की भावना बढ़ती है।
3. वैयक्तिकृत मान्यता और पुरस्कार: टीम सदस्यों को उन तरीकों से पहचानें और पुरस्कृत करें जो उनके लिए व्यक्तिगत रूप से सार्थक हों। उनकी प्राथमिकताओं और प्रेरणाओं को समझने के लिए समय निकालें। कुछ लोग सार्वजनिक मान्यता की सराहना कर सकते हैं, जबकि अन्य व्यक्तिगत तौर पर धन्यवाद सुनना पसंद कर सकते हैं। उनकी आवश्यकताओं-प्राथमिकताओं से मेल खाने के लिए अपना दृष्टिकोण तैयार करें।
4. सहकर्मियों के बीच कृतज्ञता को प्रेरित करना: अर्थात कृतज्ञता की संस्कृति को बढ़ावा देना। टीम सदस्यों को एक-दूसरे के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए प्रोत्साहित करें। यह अनौपचारिक रूप से हो सकता है। इसके लिए नोटिस बोर्ड भी लगा सकते हैं।
5. कृतज्ञता पर चिंतन: एक लीडर के रूप में अपने काम के सकारात्मक पहलुओं और अपनी टीम के सदस्यों के योगदान पर नियमित रूप से अन्वेषण करें। एक ग्रेटीट्यूड जर्नल भी बना सकते हैं जिसमें आप सराहना के क्षणों और उनके प्रभावों को लिखें।
6. सचेतन नेतृत्व का अभ्यास: अपने नेतृत्व दृष्टिकोण में कृतज्ञता को सचेतन अभ्यास के साथ जोड़ें। अपनी टीम के प्रयासों और उपलब्धियों के प्रति सचेत रहें और तुरंत आभार व्यक्त करें। यह टीम के भीतर संबंधों को मजबूत करती है।