पाठकों की मिलीजुली प्रतिक्रियाएं आईं। पेश हैं चुनिंदा प्रतिक्रियाएं।
मीडिया की महत्त्वपूर्ण भूमिका
चुनावों में मीडिया की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका होती है। वह खबरों को लोगों तक निष्पक्षता से पहुंचाता है। मीडिया के जरिए चुनावों में लोगो को जागरूक किया जा सकता है, वोट देने अपील की जाती है जिससे चुनावों में शत प्रतिशत मतदान हो सके। मीडिया चुनाव से जुड़ी हुई हर जरूरी जानकारी लोगों तक पहुंचाने का काम करता है। मतदान के दिन भी मीडिया पल पल की जानकारी लोगों तक पहुंचाता है और काउंटिंग के दौरान भी मीडिया सभी सूचनाएं जनता तक पहुंचाता है। इस तरह चुनाव में मीडिया की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
-आलोक वालिम्बे, बिलासपुर, छत्तीसगढ़
....
निष्पक्ष चुनाव में मददगार
चुनाव के समय मीडिया की भूमिका बढ़ जाती है। उसका काम है कि उसे जो दिखे वह जनता के सामने लाए। कहीं आचार संहिता का उल्लंघन हो तो बताए चुनाव में गड़बड़ न हो मीडिया की सक्रियता से निष्पक्ष चुनाव में मदद मिल सकती है।
-साजिद अली, इंदौर
............
जनता को गुमराह न करें
चुनावों में मीडिया की महत्त्वपूर्ण भूमिका है। वह सही सूचनाएं जनता तक पहुंचाता है। इसके बावजूद कुछ लोग मीडिया प्रतिनिधि के नाम पर लोगों को गुमराह करते हैं। यह प्रवृत्ति ठीक नहीं है।
-प्रदीप कुमार छाजेड़, तिंवरी, जोधपुर
..............
मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ
मीडिया प्रजातंत्र का चौथा स्तंभ है। चुनाव में किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधियों का पर्दाफाश करने में मीडिया की अहम भूमिका होती है।
-गिरीश ठक्कर, राजनांदगांव
.........
जरूरी है निष्पक्षता
मीडिया चुनावों में ही नहीं, बल्कि हमेशा ही भूमिका निभाता है। इसलिए मीडिया का तटस्थ और सशक्त होना बहुत आवश्यक है। मीडिया सरकारों से प्रभावित हुए बिना सच प्रकाशित करे,क्योंकि आमजन मीडिया पर भरोसा करता है। केवल आधिकारिक तथ्यों और संतुलित बयानों को ही प्रकाशित करे।
-ईश्वर जैन, उदयपुर
...........
लोगों को जागरूक करे मीडिया धरातल से जुड़े हुए वास्तविक मुद्दों को विशेष तवज्जो देनी चाहिए। लोगों को मतदान करने के लिए जागरूक करना चाहिए। एक अच्छे और मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदान शत प्रतिशत हो, इसके लिए मीडिया अपनी जिम्मेदारी निभाए।
-रमेश गोस्वामी, राजगढ़, अलवर
...............
जनता को दे सही दिशा
मीडिया चुनाव के दौरान बिना किसी दबाव में आए निष्पक्ष रूप से हर पार्टी की कमी और खूबी को उजागर करना चाहिए, ताकि जनता तय कर सके कि किस पार्टी को वोट देना है। मीडिया को हमेशा सही का साथ देना चाहिए ताकि एक सही दिशा समाज को दिखाई जा सके।
-अशोक कुमार शर्मा, जयपुर