24 जनवरी 2026,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आपकी बात : शादी के बाद महिलाओं को कॅरियर के चयन में किन चुनौतियों का सामना करना पड़ता है?

पाठकों ने इस पर विभिन्न प्रतिक्रियाएं दी हैं। पेश हैं पाठकों के कुछ विचार

2 min read
Google source verification

घर और बाहर दोनों जिम्मेदारियों का बोझ
शादी के बाद महिलाओं को कॅरियर के चयन में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। शादी के बाद महिलाओं की प्रगति पूर्णतया ससुराल वालों पर ही निर्भर रह जाती है। अक्सर समाज और परिवार यह अपेक्षा रखते हैं कि शादी के बाद महिलाएं अपने कॅरियर से ज्यादा परिवार और घर की जिम्मेदारियों को प्राथमिकता दें। महिलाओं पर घर और बाहर दोनों की जिम्मेदारियों का बोझ आ जाता है, जिससे उनके लिए कॅरियर पर ध्यान केंद्रित करना मुश्किल हो जाता है। महिलाओं को अपने कॅरियर से जुड़े निर्णय लेने के लिए अपने पति और ससुराल वालों पर निर्भर रहना पड़ता है। इन चुनौतियों का सामना करने के बावजूद, कई महिलाएं अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और परिवार के सहयोग से सफलतापूर्वक अपने कॅरियर को आगे बढ़ाती हैं।
- डॉ. अजिता शर्मा, उदयपुर

परिवार की देखरेख में लगता समय
शादी के बाद महिलाओं को कॅरियर के चयन में मुख्यतया अपने परिवार के सदस्यों की देख-रेख और उनकी सार संभाल की समस्याओं से जूझना पड़ता है। परिवार के वरिष्ठ सदस्यों की सभी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए भी महिलाओं को तत्पर रहना पड़ता है। सामाजिक , मानसिक और आर्थिक समस्याएं भी कॅरियर में मुख्य बाधक तत्वों में मानी जा सकती है।
- आशुतोष शर्मा, जयपुर

इच्छा से कॅरियर चुनना मुश्किल
शादी के बाद कॅरियर के चयन में महिलाओं को ससुराल पक्ष की मर्जी के अनुसार चलना होता है। जॉब और बच्चों की परवरिश के बीच में भी काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। कितनी ही महिलाओं को अपनी इच्छा से कॅरियर को चुनने के नाम से, अपनी इच्छाओं का गला घोंटना पड़ता है।
- निर्मला देवी वशिष्ठ, राजगढ़, अलवर

खुद के लिए वक्त नहीं
शादी के बाद महिलाओं को कॅरियर के चयन में सबसे बड़ी दिक्कत यह आती है कि उनके पास खुद के लिए समय ही नहीं बचता। वह सुबह से शाम तक काम में इतनी व्यस्त रहती हैं कि खुद की प्राथमिकता को ही भूल जाती हैं। जिसकी वजह से वे खुद के कॅरियर को ही दांव पर लगा देती हैं।
- प्रियव्रत चारण, जोधपुर