
महिला हॉकी विश्व कप: इंग्लैंड से ड्रा खेलने के बाद भारत का आज आयरलैंड से मुकाबला
नई दिल्ली। रानी की कप्तानी में भारतीय महिला हॉकी टीम हॉकी विश्व कप में आयरलैंड के खिलाफ खेले जाने वाले मैच से अपने जीत का खाता खोलना चाहेगी। महिला हॉकी विश्व कप के पहले मैच में भारतीय टीम का सामना इंग्लैंड से हुआ था और यह मैच 1-1 से ड्रॉ रहा। इस कारण अब रानी की टीम आयरलैंड को हराकर जीत का खाता खोलने के लक्ष्य से मैदान पर उतरेगी। पिछले 13 संस्करणों में विश्व कप की ट्रॉफी हासिल करने में असफल रही भारतीय महिला हॉकी टीम इस साल पूरी तैयारी के साथ खिताब का लक्ष्य लेकर टूनार्मेंट में उतर रही है।
कब और कहां खेला जाएगा मैच
भारत और आयरलैंड के बीच यह मुकाबला 26 जुलाई को भारतीय समयानुसार शाम 6:30 से होगा। पूल-बी में शामिल भारतीय टीम का सामना गुरुवार को आयरलैंड से ली वैली हॉकी एवं टेनिस स्टेडियम में होगा। यह मैच स्टार स्पोर्ट्स 2 और स्टार स्पोर्ट्स 2 एचडी पर टीवी सेट पर देखा जा सकता है।
कप्तान ने बताया- हम तैयार-
कप्तान रानी ने कहा, "इंग्लैंड के खिलाफ मैच अच्छा था और इससे हमने अच्छी शुरुआत की। इस मैच के बाद टीम की खिलाड़ियों और स्टॉफ ने बैठक की, जिसमें हमारे प्रदर्शन के बारे में हमने चर्चा भी की। हमने अमेरिका के खिलाफ आयरलैंड के मैच का वीडियो भी देखा। तीन दिन के आराम के दौरान हमने आपस में कई अभ्यास मैच खेले हैं और अपनी लय को बनाए रखा है।"
आयरलैंड की रही है अच्छी शुरुआत-
रानी ने कहा, "अमेरिका को 3-1 से हराने वाली आयरलैंड के खिलाफ हमें अच्छी शुरुआत करनी होगी और उस टीम पर दबाव बनाए रखना होगा। हम आश्वस्त हैं और अपनी अगली चुनौती के लिए भी पूरी तरह से तैयार हैं।"
भारत-इंग्लैंड का मैच ड्रा रहा था-
तीसरे क्वार्टर तक 1-0 की बढ़त लेने के बावजूद भारतीय महिला हॉकी टीम को यहां विश्व कप के पूल-बी के अपने पहले मैच में शनिवार को ओलम्पिक चैम्पियन मेजबान इंग्लैंड से 1-1 का ड्रॉ खेलना पड़ा। भारत के लिए नेहा गोयल ने 25वें और इंग्लैंड के लिए लिली ओस्ले ने 54वें मिनट में गोल किए। भारतीय मिडफील्डर नमिता टोप्पो का यह 150वां अंतर्राष्ट्रीय मैच था लेकिन वह इसमें गोल नहीं कर पाई।
Published on:
26 Jul 2018 01:48 pm
बड़ी खबरें
View Allअन्य खेल
खेल
ट्रेंडिंग
