
Govindan Lakshmanan
नई दिल्ली। इंडोनेशिया में जारी 18वें एशियाई गेम्स के आठवें दिन भारत को बड़ा झटका लगा है। दरअसल, 10,000 मीटर की दौड़ में गोविंदन लक्ष्मणन ने कांस्य पदक नहीं जीता है, बल्कि इस रेस से उनको डिसक्वालीफाई (अयोग्य ठहराना) कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मणन को सफेद लाइन के बाहर जाने की वजह से इस रेस से डिसक्वालीफाई कर दिया गया। इसके साथ ही एशियन गेम्स में भारत के मेडल्स की संख्या फिर से 35 हो गई है।
सफेद लाइन से बाहर पैर रखने से बाहर हुए गोविंदन
भारतीय ओलंपिक संघ के आधिकारिक ट्विटर हैंडल ने अपनी गलती को सुधारते हुए जानकारी दी कि 10,000 हजार मीटर की दौड़ से गोविंदन लक्ष्मणन को बाहर कर दिया गया है, क्योंकि रेस के दौरान वो सफेल लाइन से बाहर चले गए थे। इस गलती के साथ ही लक्ष्मणन ऐतिहासिक जीत से चूक गए।
घटकर 35 हो गई भारत के मेडल्स की संख्या
आपको बता दें कि रविवार को भारत को एथलेटिक्स में दो और रजत पदक मिले। भारत की स्टार महिला धावक हिमा दास और पुरुष वर्ग में मोहम्मद अनस दाहिया ने भारत को रजत पदक दिलाया। इस तरह भारत के पास कुल मेडल्स की संख्या अब 35 हो गई है, जिसमें सात स्वर्ण, नौ रजत और 19 कांस्य पदक है।
अनस ने जीता रजत पदक-
भारत के धावक मोहम्मद अनस याहिया ने 18वें एशियाई खेलों के सातवें दिन रविवार को पुरुषों की 400 मीटर स्पर्धा के फाइनल में रजत पदक जीत लिया। अनस ने 45.69 सेकेंड में दूरी तय करते हुए दूसरे स्थान पर कब्जा जमाया। कतर के अब्दालेह हसन ने 44.89 सेकेंड के साथ स्वर्ण पदक जीता। बहरीन के अली खामिस ने 45.70 सेकेंड के साथ कांस्य जीता। अनस के अलावा भारत के एक और पुरुष धावक राजीव 45.84 सेकेंड के साथ चौथे नंबर पर रहे।
मामूली अंतर से चूकी हिमा-
भारत की हिमा दास ने रविवार को 18वें एशियाई खेलों की महिलाओं की 400 मीटर स्पर्धा का रजत पदक जीत लिया। हिमा ने जीबीके मेन स्टेडियम में रविवार को आयोजित फाइनल में 50.79 सेकेंड के समय के साथ दूसरा स्थान पाया। बहरीन की सल्वा नासिर ने 50.09 सेकेंड के साथ स्वर्ण जीता। यह नया एशियाई रिकॉर्ड है। कांस्य कजाकिस्तान की एलिना मिखिना को मिला। मिखिना ने 52.63 सेकेंड समय निकाला।इस स्पर्धा में शामिल भारत की एक अन्य एथलीट निर्मला को चौथा स्थान मिला। निर्मला ने 52.96 सेकेंड समय लिया।
Published on:
26 Aug 2018 08:00 pm
बड़ी खबरें
View Allअन्य खेल
खेल
ट्रेंडिंग
