13 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Paris Olympic 2024: लक्ष्य सेन ने वर्ल्ड नंबर 3 जोनाथन क्रिस्टी को चटाई धूल, प्री क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

भारत के स्टार शटलर लक्ष्य सेन ने इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी को सीधे गेमों में हरा दिया। इस जीत के साथ लक्ष्य प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं।

less than 1 minute read
Google source verification

Paris 2024 Olympics: पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने पुरुष एकल मुकाबले में वर्ल्ड नंबर 3 इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी को 21-18, 21-12 से हरा दिया। इसी के साथ इस भारतीय शटलर ने राउंड ऑफ-16 में जगह बना ली है।

लक्ष्य ने क्रिस्टी के खिलाफ पहले गेम में 8-1 से पिछड़ने के बाद जबरदस्त वापसी करते हुए पहले स्कोर 8-8 से बराबर किया, फिर पहले मिड-वे ब्रेक में 11-9 की बढ़त बनाई। इसके बाद दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। एक वक्त स्कोर 18-18 की बराबरी पर भी आ गया था। हालांकि, तब लक्ष्य ने अपनी नब्ज पर काबू पाते हुए खुद को कूल रखते हुए 21-18 से जीत हासिल की। पहला गेम जीतने के बाद लक्ष्य ने दूसरे गेम में भी बेहतरीन शुरुआत की।

दूसरे गेम में लक्ष्य ने अपनी लय जारी रखी, जबकि दूसरी तरफ क्रिस्टी संघर्ष करते हुए नजर आए। आक्रामक लय में दिख रहे भारतीय शटलर ने शुरुआत में ही 11-6 से बढ़त बनाई। इसके बाद लक्ष्य ने निरंतरता से बेहतर प्रदर्शन करना जारी रखा और उनके खेल का विपक्षी शटलर के पास कोई जवाब नहीं दिखा। आखिरकार लक्ष्य ने दूसरा गेम अपने नाम करते हुए अगले दौर में प्रवेश किया।

यह लक्ष्य की क्रिस्टी के खिलाफ सिर्फ दूसरी जीत है, जबकि उन्होंने इस इंडोनेशियाई शटलर के विरुद्ध 4 मैच हारे हुए थे। इससे पहले पीवी सिंधू ग्रुप स्टेज का अपना लगातार दूसरा मुकाबला जीतकर प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। उन्होंने एस्टोनिया की क्रिस्टीन कूबा को 21-5, 21-10 से हराकर नॉकआउट स्टेज में जगह बनाई। यह मुकाबला 34 मिनट तक चला। सिंधू ने पहला गेम 14 मिनट और दूसरा गेम 19 मिनट में अपने नाम किया। अब सिंधू के लिए आगे की राह मुश्किल होगी। नॉकआउट में एक भी हार बाहर का रास्ता दिखा सकती है।