
फुटबॉल जगत के स्टार खिलाड़ी पुतर्गाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से कई रिकॉर्ड्स तोड़े हैं, लेकिन हाल ही उनके एक छोटे से वीडियो ने एक कंपनी को करोड़ों रुपए का झटका दे दिया। यूरोप में यूरो कप टूर्नामेंट खेला जा रहा है। इस टूर्नामेंट के पहले ही मैच में क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने सबसे ज्यादा बार यूरो कप में खेलने का रिकॉर्ड तोड़ दिया। हालांकि इस बीच रोनाल्डो के एक छोटे से वीडियो ने सॉफ्ट ड्रिंक के क्षेत्र में जानी—मानी कंपनी को करोड़ों रुपए का झटका दे दिया। दरअसल, रोनाल्डो ने सॉफ्ट ड्रिंक की दो बोतलों को खुद से 2-3 फीट दूर खिसकाकर कंपनी को झटका दे दिया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस का वीडियो हुआ वायरल
यूरो कप में 15 जून को हंगरी के खिलाफ पुर्तगाल के पहले मैच से एक दिन पहले पुर्तगाल टीम के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने बुडापेस्ट के स्टेडियम में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जब रोनाल्डो प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए तो उनकी कुर्सी के सामने टेबल पर सॉफ्ट ड्रिंक की दो बोतलें रखी थीं। रोनाल्डो ने कुर्सी पर बैठते ही सॉफ्ट ड्रिंक की दोनों बोतलों को हटा दिया। इसके बाद रोनाल्डो ने अपने साथ लाई पानी की बोतल को टेबल पर रख दिया।
कंपनी के शेयर पर पड़ा असर
फुटबॉल के सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो के इस काम से यह स्पष्ट हो गया कि वह इस सॉफ्ट ड्रिंक का समर्थन नहीं करते। रोनाल्डो फुटबॉल जगत की जानी मानी हस्ती हैं और उनके इस तरह के वीडियो से सॉफ्ट ड्रिंक कंपनी के शेयर पर असर पड़ा। रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार को जब यूरोप में 3 बजे के करीब स्टॉक मार्केट खुला, तो उस वक्त कोका-कोला के एक शेयर की कीमत 56.10 अमरीकी डॉलर थी। रोनाल्डो का यह वीडियो वायरल हो गया और कंपनी के शेयर में गिरावट दर्ज की गई। कुछ ही देर में शेयर लुढ़ककर 55.22 डॉलर तक आ गया। इसमें 1.6 फीसदी की गिरावट आई और इससे सॉफ्ट ड्रिंक कंपनी की कीमत में करीब 4 बिलियन डॉलर यानी 293.43 करोड़ रुपए की कमी आ गई। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी की कुल कीमत 242 बिलियन डॉलर से गिरकर 238 बिलियन डॉलर पर आ गई।
यूरो कप का आधिकारिक स्पॉन्सर
सॉफ्ट ड्रिंक कंपनी कोका कोला यूरो कप 2020 का आधिकारिक स्पॉन्सर है। हालांकि रोनाल्डो की वजह से कंपनी को नुकसान झेलना पड़ा है। वहीं, मैच में रोनाल्डो ने हंगरी को भी झटका दिया। मैच के दौरान रोनाल्डो ने 87वें और 90वें मिनट में दो गोल दागकर अपनी टीम को 3-0 से जीत दिलाई।
Updated on:
16 Jun 2021, 12:59 PM IST
Published on:
16 Jun 2021, 12:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.