
पेरिस ओलंपिक 2024 में प्रतिभाग करने वाले हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पॉल और ललित उपाध्याय को उत्तर प्रदेश सरकार एक एक करोड़ रुपये देगी जबकि ओलंपिक में भाग लेने वाले राज्य के अन्य सभी खिलाड़ियों को दस दस लाख रुपये दिये जायेंगे।
गाजीपुर के मेघबरन सिंह स्टेडियम पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि खेल व खिलाड़ी के लिए समर्पित सरकार की तरफ से इन दोनों खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपए व उत्तर प्रदेश की तरफ से ओलंपिक में प्रतिभा के सभी खिलाड़ियों को 10-10 लाख रुपए उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने ओलंपिक हॉकी में पदक दिलाने वाले गाजीपुर के राजकुमार पाल और बनारस के ललित उपाध्याय के सम्मान समारोह में भाग लिया। इसके साथ ही उन्होंने राजकुमार पाल को पुलिस उपाधीक्षक पद पर मनोनीत किया जबकि ललित उपाध्याय पूर्व से ही उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा इस पद पर मनोनीत हो चुके हैं।
योगी ने ललित उपाध्याय के माता-पिता राजकुमार की मां, दोनों भाईयों को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। उन्होंने मेघबरन स्टेडियम के अन्य खिलाड़ियों और कोच को भी सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि एक खिलाड़ी अपने खेल के लिए की जान लगा देता है। तब देश का मस्तक गौरव से ऊंचा बढ़ता है। ऐसे में खिलाड़ियों के सम्मान के लिए देश को भी बहुत कुछ करने की आवश्यकता है। आज उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा खेल व खिलाड़ियों के लिए तमाम नीतिगत कार्य किया जा रहे हैं। हमने खिलाड़ियों के लिए नौकरी की बौछार लगा दी है। हाल के कुछ वर्षों में तमाम महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले 500 से अधिक खिलाड़ियों को सीधे डिप्टी एसपी सहित महत्वपूर्ण पदों पर नौकरी दी है। जिससे उनका परिवार सम्मान के साथ अपना जीवन यापन कर सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेघबरन सिंह स्टेडियम के नवनिर्माण के लिये पांच करोड़ की सहायता दी जा रही है। हमने खेल नीति के तहत यह योजना उपलब्ध कराई कि अब सरकारी स्टेडियम के साथ ही व्यक्तिगत प्राइवेट खेल संस्थाओं को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा एक तरफ जहां ललित उपाध्याय के माता-पिता लगातार अपने पुत्र के लिए लगे रहे,वहीं राजकुमार पाल के बचपन में ही पिता का साया सर से उठ गया उसके बावजूद राजकुमार पाल की माता ने आज तक मेहनत कर अपने पुत्र को पढ़ाया और यहां तक पहुंचाया जबकि स्टेडियम के संस्थापक संरक्षक तेज बहादुर सिंह की साधना रंग लाई और इनके स्टेडियम से निकले दोनों खिलाड़ियों ने भारत का गौरव बढ़ाने का काम किया। निश्चित रूप से आने वाले समय में यहां के खिलाड़ी हॉकी के गौरव को पुनर्स्थापित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं और आगे भी देते रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री जी लगातार कहते रहे हैं कि खेलेगा इंडिया तो बढ़ेगा इंडिया। ऐसे स्टेडियम और ऐसे खिलाड़ियों की साधना की ही देन है कि आज पुनः उत्तर प्रदेश और भारत में मेजर ध्यानचंद बाबू केडी सिंह जैसे खिलाड़ी आगे आएंगे।
इस अवसर पर खेल राज्यमंत्री गिरिश चंद्र यादव ने कहा कि खेल की 2023 में खेल नीति बनी। खिलाड़ियों की जरूरत को ध्यान में रखा गया और खेलोगे कुदोगे होंगे खराब की परिभाषा बदल गई। गौरतलब है कि राजकुमार पाल और ललित उपाध्याय पेरिस ओलम्पिक में कांस्य पदक जीतने वाली हॉकी टीम के खिलाड़ी है। दोनों ने गाजीपुर के मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम से ही अपने खेल जीवन की शुरुआत की थी। गत दिनों स्टेडियम के दोनों खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए सम्मान समारोह के आयोजन के लिए पूर्व सांसद राधे मोहन सिंह ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें करमपुर आने का वादा किया था। इसी के क्रम में आज करमपुर हॉकी स्टेडियम में दोनों खिलाड़ियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव, पूर्व सांसद राधे मोहन सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडे, राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत, एमएलसी विशाल सिंह चंचल, रविन्द्र जायसवाल, ओलंपिक खिलाड़ी ललित कुमार उपाध्याय और राजकुमार पाल व अन्य मौजूद रहे।
Published on:
17 Aug 2024 06:03 pm
बड़ी खबरें
View Allअन्य खेल
खेल
ट्रेंडिंग
