
Vinesh Phogat Disqualified: पेरिस ओलंपिक के 12वें दिन भारत की गोल्ड मेडल की उम्मीद बन के उभरीं स्टार पहलवान विनेश फोगाट को तगड़ा झटका लगा है। उन्हें अधिक वजन के कारण फाइनल मुकाबले से पहले डिसक्वॉलीफाई कर दिया गया है। इससे वह न केवल फाइनल मुक़ाबले से बाहर हो गई हैं, बल्कि मेडल से भी चूक गईं हैं।
भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि विनेश फोगाट को वजन ज्यादा होने की वजह से अयोग्य घोषित कर दिया गया है। संघ ने कहा, 'भारतीय दल को इस बात का दुख है कि महिला कुश्ती के 50 किलोग्राम वर्ग से विनेश फोगट को अयोग्य घोषित कर दिया गया है। रात भर टीम द्वारा किए गए बेहतरीन प्रयासों के बावजूद, आज सुबह उनका वजन 50 किलोग्राम से कुछ ग्राम अधिक था। इस समय दल द्वारा कोई और टिप्पणी नहीं की जाएगी। भारतीय दल आपसे विनेश की निजता का सम्मान करने का अनुरोध करता है। वह मौजूदा प्रतियोगिताओं पर ध्यान केंद्रित करना चाहेगा।'
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विनेश का वजन तय मानक से 100 ग्राम ज्यादा निकला है। रेस्लिंग के नियमों के मुताबिक हर मुकाबले से पहले पहलवान का वजन नापा जाता है। जिसमें विनेश ओवरवेट निकली हैं। जिसके बाद विनेश अब सिल्वर मेडल के भी योग्य नहीं रह जाएगी।
विनेश फोगाट को आज रात अमेरिका की सारा हिल्डब्रांड से फ़ाइनल मुक़ाबला खेलना था। उनके बाहर होने से सारा अब क्यूबा की गुजमान से गोल्ड मेडल के लिए भिड़ेंगी। वहीं यूक्रेन की लिवाच उकसाना और और जापान की युई सुसाकी ब्रॉन्ज मेडल मैच खेलेंगी।
Updated on:
7 Aug 2024, 3:23 PM IST
Published on:
7 Aug 2024, 12:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.