Shots fired Producer Pinky Dhaliwal house: फेमस म्यूजिक प्रोड्यूसर पिंकी धालीवाल को लेकर बड़ी खबर आई है। उनके घर कुछ बदमाशों ने दनादन फायर किया है।
Music Producer Pinky Dhaliwal house: पंजाबी इंडस्ट्री का जाना माना नाम पुष्पिंदर धालीवाल जिन्हें लोग पिंकी धालीवाल के नाम से भी जानते हैं वह बाल-बाल बचे हैं। उनके मोहाली वाले घर पर फायरिंग की गई है। यह घटना गुरुवार बीती रात की है। कुछ बदमाशों ने उनके घर के बाहर गोलीबारी की। पुलिस का कहना है कि 6 से 7 राउंड फायर किए गए हैं। गनीमत है कि इस घटना में कोई बुरा हादसा नहीं हुआ। पुलिस ने पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है और आसपास में लगे सीसीटीवी की जांच कर रही है।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, मोहाली के एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस और डीएसपी पृथ्वी सिंह चहल सीआईए स्टाफ के साथ मौके पर घटनास्थल पर पहुंचे। जांच पड़ताल करने के बाद उनका कहना है कि घटना के दौरान पिंकी धारीवाल घर पर ही मौजूद थे। बदमाशों ने जब गोलियां चलाईं तो वह धारीवाल के घर के गेट और बाहरी दीवारों पर लगीं,लेकिन प्रोड्यूसर पूरी तरह से सुरक्षित हैं।
पुलिस ने अहम जानकारी देते हुए बताया कि इस घटना को दो बाइक सवार लोगों ने अंजाम दिया है। गोलीबारी करने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। अब मटौर पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ आपराधिक धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच भी कर रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
बता दें, पुष्पिंदर धालीवाल उर्फ पिंकी धालीवाल उस समय सुर्खियों का हिस्सा बने थे जब पंजाब की फेमस सिंगर सुनंदा शर्मा ने उन पर शोषण और अपमान करने का आरोप लगाया था। सुनंदा ने आरोप लगाया था कि पिंकी धालीवाल के अपमानजनक बिहेवियर के चलते कथित तौर पर उन्हें आर्थिक नुकसान, मानसिक आघात पहुंचा है। यही नहीं उनकी इमेज पर भी इसका असर हुआ है। इन आरोपों के बाद पिंकी धालीवाल को गिरफ्तार भी किया गया था, लेकिन बाद में उन्हें पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने रिहा कर दिया था।