लोक अदालत में समझाइश से सुलझाए प्रकरण
पाली। जिले के न्यायालयों में शनिवार को लोक अदालतों का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष एमआर सुथार (जिला एवं सेशन न्यायाधीश) के निर्देशन में जिला न्यायालय परिसर पाली के साथ तालुका विधिक सेवा समिति बाली, सोजत, जैतारण, सुमेरपुर, मारवाड जंक्शन, देसूरी, बर, सादडी, रायपुर न्यायालय परिसर में राजस्व प्रकरणों व प्री-लिटिगेशन विवादों से संबंधित मामलों का निस्तारण किया गया।
जिला मुख्यालय पर प्रकरणों के निस्तारण के लिए 5 लोक अदालत बैंचो का गठन किया गया। जिसमें से 1 बैंच प्री लिटिगेशन व 04 बैंचें पोस्ट लिटीगेशन प्रकरणों के लिए थी। इन बैंचों पर न्यायालय में लंबित प्रकरणों एवं बैंकों/वित्तीय संस्थानों एवं दूरसंचार विभाग के प्री-लिटिगेशन प्रकरणों में समझाइश कर राजीनामा का प्रयास करवाया गया। बाली, सोजत, जैतारण, सुमेरपुर, देसूरी, बर, मारवाड जंक्शन, सादडी एवं रायपुर पर 13 बैंचो पर प्रकरणों का निस्तारण किया गया। सचिव देवेन्द्र सिंह भाटी ने बताया कि बैंकों के ऋण में छूट दी गई।
विद्यार्थियों ने निकाली साइकिल रैली
पाली। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से कानूनी जागरूकता एवं आउटरीच के माध्यम से नागरिकों का सशक्तीकरण अभियान के तहत शनिवार को राइकों की ढाणी में साइकिल रैली निकाली गई। इसमें सुदर्शन बाल मन्दिर उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने भाग लिया। सचिव देवेन्द्रसिंह भाटी (अपर जिला न्यायाधीश) ने रैली को हरी झण्डी दिखाई। रैली में शामिल विद्यार्थियों ने बाल विवाह प्रतिषेध, निःशुल्क विधिक सहायता, बालिका शिक्षा, नागरिकों के कानूनी अधिकार आदि को लेकर लोगों को जागरूक किया। इससे पहले विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान छोगाराम देवासी, संजय कुमार, अभिषेक, हेमन्त, अमराराम, रमा पालीवाल ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।