
महामारी से महामुकाबला : यहां की नगरपालिका बोर्ड ने ऑक्सीजन प्लांट लगाने का लिया निर्णय
पाली/फालना। जिले के नगरपालिका खुड़ाला-फालना बोर्ड की नगर में ऑक्सीजन प्लांट लगाने को लेकर बैठक नगरपालिका अध्यक्ष ललिता शाह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। राजस्थान पत्रिका के ‘महामारी से महामुकाबला’ अभियान से प्रेरित होकर नगरपालिका ने ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने का सर्व सम्मति से निर्णय लिया।
नगरपालिका अधिशासी अधिकारी सुनील विश्नोई ने बताया कि नगरपालिका के जन प्रतिनिधियों की भावना के अनुरूप नगरपालिका बोर्ड की आकस्मिक बैठक बुलाई गई। जिसमें उपस्थित सदस्यों ने राज्य सरकार के अनुमोदन से नगरपालिका स्तर पर 100 सिलेण्डर का ऑक्सीजन प्लांट लगाने का निर्णय लेकर प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजने की सर्व सम्मति जताई। उपस्थित पार्षद श्रीपालसिंह व नीलम बछेटा ने खुड़ाला गांव के दानदाताओं से सम्पर्क करने का प्रस्ताव रखा।
ये भी किए निर्णय
नगरपालिका के उपाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने कोरोना गाइडलाइन की पालना करते हुए वार्ड वासियों को अकारण घर से बाहर नहीं निकलने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया व नगर में कोविड सेन्टर प्रारंभ करने का सुझाव दिया। इस दौरान नगरपालिका ने मास्क वितरण, हाइपोक्लोराइड छिडक़ाव करने के साथ-साथ आम जन को जागरूक करने के लिए की गई कार्रवाई से अवगत करवाया। इस दौरान नगरपालिका पार्षद नवाराम मेघवाल, महेन्द्र शर्मा, देवेन्द्र सिद्धावत, गुलाबकंवर, नीलम सोनी, प्रवीण मेवाड़ा, आशा मेघवाल, श्रीपालसिंह, ललित मालवीय, नीलम बछेटा, दीपिका, मांगीलाल भटनागर, नगरपालिका कनिष्ठ अभियंता मोहित वशिष्ठ, समीर गोस्वामी, स्वास्थ्य निरीक्षक सहित कर्मचारी व जन प्रतिनिधि उपस्थित थे।
Published on:
04 May 2021 08:41 am
