पाली। शहर के पुनायता औद्योगिक क्षेत्र की एक कपड़ा फैक्ट्री में मंगलवार को फेल्ट मशीन के ऑयल पाइप में लीकेज होने से आग लग गई। इससे अफरा-तफरी का माहौल हो गया। सूचना के बाद चार दमकलें मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से लाखों का नुकसान होना बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार पुनायता औद्योगिक क्षेत्र की पद्मावती फेब टेक्स में लगी फेल्ट मशीन का ऑयल पाइप लीकेज हो गया। जिससे 3 फेल्ड मशीन, 1 फर्मा टेक्स मशीन, कपड़े की गांठें और सोलर पैनल जल गया। आग लगने के दौरान मजदूरों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। आसपास की फैक्ट्रियों से बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। आग का काला धुआं दूर तक देखने को मिला।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची चार दमकलों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फैक्ट्री संचालक विमल सालेचा व सुरेश जैन ने आग से लाखों रुपए का नुकसान होना बताया है। आग बुझाने में अग्निशमन विभाग के रामलाल गहलोत, फायरमैन रेखादेवी, सुरेंद्र आदिवाल, अशोक, वाहन चालक दिनेश, मांगूसिंह, मांगीलाल, हेमराज, सुरेंद्र आदि ने सहयोग किया।