पाली/सुमेरपुर। जवाई जल वितरण कमेटी की बैठक पाली में आयोजित कर जल बंटवारा करने के विरोध और सिंचाई के लिए 4300 एमसीएफटी पानी की मांग को लेकर चल रहा किसानों का आंदोलन बुधवार को चौथे दिन भी जारी रहा। उन्होंने जवाई बांध पर महापड़ाव डाल दिया। दोपहर में जवाई डाक बंगला परिसर में किसानों की बैठक हुर्ई। इसमें किसान नेताओं ने अपनी मांगें दोहराई और गुरुवार सुबह 11 बजे तक वार्ता नहीं करने पर हाइवे के लिए कूच करने का एलान किया।
किसान संघर्ष समिति सुमेरपुर-आहोर के तत्वावधान में बुधवार सुबह जवाई डाक बंगला परिसर में किसानों की बैठक रखी गई। समिति अध्यक्ष जयेन्द्रसिंह गलथनी ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशासन ने अपनी जिद्द के कारण इस बार जिला मुख्यालय पर जल वितरण कमेटी की बैठक रखी, जबकि किसान लगातार डाक बंगला में बैठक आयोजित करने की मांग करते रहे। जवाई गेट के पास आयोजित सभा में किसान नेता जब्बरसिंह ने कहा कि सिंचाई के पानी का फैसला किसान संघर्ष समिति और संगम अध्यक्ष ही करेंगे, पानी और नहर खुलने का निर्णय भी यही से होगा। फैसला करवाकर ही किसान यहां से जाएंगे।
पुलिस ने बेरिकेड्स लगातार मार्ग किया बंद
जवाई डाक बंगला परिसर में किसानों का हुजूम समिति पदाधिकारियों के नेतृत्व में मुख्य बांध की ओर रवाना हुआ। इस बीच भारी संख्या में पुलिस बल ने बांध की ओर जाने वाले मार्ग पर बेरिकेड्स लगाकर मार्ग बंद कर दिया। आरएसी के जवानों को भी तैनात कर दिया। मुख्य बांध की ओर जाने वाले सभी मार्गो पर अलग-अलग थाना प्रभारियों को तैनात कर दिया।
अधिकारी नहीं पहुंचने से नाराजगी
किसानों की बैठक के दौरान वार्ता के लिए जिला स्तरीय कोई अधिकारी नहीं पहुंचने पर किसानों ने नाराजगी जताई। समिति अध्यक्ष गलथनी ने कहा कि गुरुवार सुबह 11 बजे तक वार्ता का इंतजार किया जाएगा। इसके बाद सुमेरपुर, खिवांदी, बलुपुरा, तखतगढ़ होते हुए साण्डेराव पहुंचेंगे। जहां सभी किसान ट्रैक्टर लेकर पहुंंचेंगे और हाइवे जाम करने की चेतावनी दी। बुधवार को रात्रि विश्राम जवाई गेट के समीप ही करेंगे।
जवाई गेट के पास जाजम लगाकर बैठे, अर्द्धनग्र प्रदर्शन
दोपहर को जवाई डाक बंगला परिसर में किसानों की बैठक रखी गई। इसमें वक्ताओं के सम्बोधन के बाद किसान बांध की ओर रवाना हुए। लेकिन भारी पुलिस बल ने आगे बढऩे से रोक दिया। इस पर किसान गेट के आगे कुछ दूरी पर जाजम बिछाकर बैठ गए। इस दौरान वे प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी करते रहे। कुछ किसानों ने अर्द्धनग्न प्रदर्शन किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बाली ब्रजेश सोनी, उपखण्ड अधिकारी बाली स्नेहिल धायगुडे नाना, सीओ सुमेरपुर रजत विश्नोई, सीओ पाली गौतम जैन, तहसीलदार हीरसिंह चारण, सुमेरपुर थानाधिकारी रामेश्वर भाटी सहित भारी पुलिस जाप्ता तैनात रहा।