
,
weather update : राजस्थान में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम विभाग नित नई चेतावनी जारी कर रहा है। अब 20 से 22 जुलाई तक राजस्थान के अधिकतर इलाकों में भारी बारिश होगी और कई जगह अतिभारी बारिश का दौर भी चल सकता है। उधर, बीकानेर में बीते 24 घंटों के दौरान दो बार धूलभरी आंधी चली है। अब वहां भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है। देश के अन्य हिस्सों की बात करें तो स्काईमेट वेदर ने कई राज्यों में 24 घंटे के भीतर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
12 जिलों में आज भारी बारिश
मौसम केन्द्र जयपुर की माने तो बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, राजसमंद, सिरोही, बाड़मेर, बीकानेर, पाली और जालोर में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। जबकि जैसलमेर और जोधपुर में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 15 जिलों में अच्छी बारिश की संभावना है।
तीन दिन बचकर रहें
मौसम विभाग का कहना है कि 20 से 22 तक बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना रहेगा, जिसके चलते देश के कई राज्यों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण-पूर्व राजस्थान में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट है। ऐसे में बारिश से होने वाले नुकसान के बचकर रहा जाए तो बेहतर रहेगा। भारी बारिश से निचले इलाकों व अंडरपासों में भारी भर सकता है। सड़कों पर जलभराव के कारण यातायात बाधित होने की संभावना रहती है। नालों व पूलों पर पानी का तेज प्रवाह होने से वाहनों के गिरने की संभावना रहती है। भारी बारिश के दौरान हाईवे पर दृश्यता में कमी आ जाती है, इससे चलते वाहनों की गति धीमी रखी जानी चाहिए।
माउंट आबू में दोपहर में छाई धुंध
हिल स्टेशन माउंट आबू में लगातार कभी कम तो कभी तेज बारिश से इन दिनों मौसम खुशनुमा बना हुआ है। यहां बुधवार को सुबह उमस व गर्मी के बाद दोपहर में शहर के अलावा अचलगढ़, गुरु शिखर सहित कई स्थानों पर करीब 15 मिनट तक जमकर बादल बरसे, जिससे सडक़ें तरबतर हो गई। वहीं झरनों में भी पानी की आवक तेज होने से पर्यटकों का रोमांच बढ़ गया। उधर, दोपहर में छाई धुंध से खुशनुमा मौसम का पर्यटकों ने आनंद लिया। धुंध के बीच नक्की झील में भी पर्यटकों ने बोटिंग का जमकर लुत्फ उठाया। वहीं सनसेट सहित कई पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भीड़ देखने को मिली।
11 बांध 100 प्रतिशत भरे
मारवाड़ में पाली जिले की बात करें तो पिछले दिनों हुई बरसात से 31 बांध ओवरफ्लो हो गए थे। इनमें से अब 11 बांध पर चादर बंद हो गई है। जिले में अभी सिन्दरू, केर, तखतगढ़, मांडवाड़ा, मीठड़ी, सादड़ी, हेमावास, बांडी नेहड़ा, गिरोलिया, लाटाड़ा, पीपला, काणा, घोडादड़ा, सेली की नाल, राजपुरा, केसली, जूना मलारी, हरिओम सागर, सेली की ढाणी व वायद बांध पर चादर चल रही है।
अन्य राज्यों में भारी बारिश
स्काईमेट वेदर की माने तो 24 घंटों के दौरान, मुंबई और इसके आसपास के इलाकों के साथ-साथ दक्षिण गुजरात में मध्यम से भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है। उधर, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, दक्षिण मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा, तेलंगाना, दक्षिण छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिण ओडिशा और दक्षिण-पूर्व राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर, पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों, सिक्किम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। जबकि दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश आंतरिक कर्नाटक और बिहार में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
Published on:
20 Jul 2023, 8:36 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.