
कोरोना विकराल : यहां दूसरे दिन भी 1200 से अधिक संक्रमित, सात जनों की मौत
पाली। कोरोना अप्रेल में बेकाबू हुआ और मई के दूसरे दिन ही विकराल हो गया है। एक मई को अब तक के सबसे अधिक केस 1232 आए थे। यह आंकड़ा दूसरे ही दिन रविवार को छोटा हो गया। जिले में एक ही दिन में 1274 नए संक्रमित हो गए। वहीं सात जनों की कोरोना से मौत हो गई। इधर, जयपुर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों में संक्रमितों की संख्या 712 ही बताई गई है। जिले में 7 जनों की कोरोना के कारण मौत भी हो गई। जैतारण के कोविड केयर सेंटर में दो जनों की मौत बताई गई थी। मृतकों में एक व्यक्ति शिवगंज का रहने वाला था।
पाली के तीन चिकित्सक संक्रमित
पाली के मेडिकल कॉलेज के दो व एक बांगड़ चिकित्सालय का चिकित्सक संक्रमित आए है। खारड़ा रोहट का भी एक चिकित्सक संक्रमित है। बीठु के सब स्टेशन के 17 जने, सेशन कोर्ट पाली के पांच कार्मिक, जीएनएम हॉस्टल पाली के तीन जने संक्रमित आए है। इसके अलावा बीजापुर, सांडेराव, रायपुर, सदर थाना, पाली मिलगेट चौकी के पुलिसकर्मी भी पॉजिटिव आए है। बूसी, सोजत सिटी, बाली, सुमेरपुर अस्पताल के कार्मिक भी संक्रमित हो गए है।
बेड का अभी तक इंतजार
बांगड़ चिकित्सालय की कोविड ओपीडी में बेड के लिए अभी तक मरीजों को इंतजार करना पड़ रहा है। ओपीडी में ही मरीजों को तीन से चार घंटे तक बैठे रहना पड़ रहा है। वहां उनको ऑक्सीजन भी समय पर नहीं मिल रही है। वहीं कई मरीजों को अब तक अंदर प्रवेश से रोका जा रहा है। कोविड के मरीज बढऩे और चिकित्सकों के सामान्य ओपीडी में नहीं मिलने के कारण मरीजों की संख्या भी कम हो गई है। एक माह पहले सामान्य ओपीडी में 1200 तक मरीज रोजाना आ रहे थे। वहीं अब यह संख्या 200-300 पर अटक गई है।
घर लौटते दिया संदेश, खुश रहें और सकारात्मक सोचें
पाली। बांगड़ चिकित्सालय में भर्ती रहकर तिलक नगर निवासी 64 साल के नेमीचंद धोका ने कोरोना को हरा दिया। वे रविवार को घर लौटे। अस्पताल से बाहर आने पर वे बोले कोरोना से घबराने की जरूरत नहीं है। व्यक्ति सकारात्मक सोच और खुश रहकर इस पर विजय पा सकता है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों के पास सिवाय दवाओं व इंजेक्शन के अलावा कुछ नहीं है। ऐसे में व्यक्ति यह सोचे कि वह कोविड नियमों का पालन करते हुए जल्द ही स्वस्थ हो जाएगा।
कोरोना मीटर
2 लाख 49 हजार 498 सेम्पल की जांच अब तक
21 हजार 582 लोग अब तक आए पॉजिटिव
242 जनों को रविवार को किया गया डिस्चार्ज
5844 एक्टिव केस अब जिले में
189 की अब तक जिले में मौत
इन जगहों पर हुई मौत
-जैतारण के कोविड केयर सेंटर में 60 साल की महिला
-कुशालपुरा रायपुर में 42 साल की महिला
-खिंवाड़ा में 65 साल के पुरुष
-भाटून्द में 57 साल की महिला
-शिवगंज के 75 साल के पुरुष
-पाली के राइकों की ढाणी निवासी 48 साल की महिला
-खारड़ा में एक व्यक्ति की
Published on:
03 May 2021 07:35 am
