
हादसे के बाद शव को राजमार्ग पर रख धरना-प्रदर्शन करते मृतक के परिजन व ग्रामीण। पत्रिका फोटो
Pali News : पाली के निमाज में दर्दनाक हादसा। बजरी से भरे डंपर से सब्जी विक्रेता युवक को कुचलने के मामले में धरने पर बैठे लोगों ने 26 घंटे बाद शव उठाया। मृतक के परिजनों को मुआवजा समेत पांच मांगों पर सहमति के बाद सोमवार को धरना हटा। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
आक्रोशित ग्रामीण यहां राजमार्ग पर टेंट लगाकर शव के साथ धरने पर बैठे हुए थे। सोमवार को एएसपी भूपेंद्र शर्मा, उपखंड अधिकारी रवि प्रकाश, पुलिस उपाधीक्षक सत्येंद्र सिंह ने पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई से अवगत कराया। इस दौरान पूर्व केबिनेट मंत्री सुरेन्द्र गोयल, भाजपा प्रदेश मंत्री डॉ. महेन्द्र कुमावत, योगी लक्ष्मण नाथ, संत सोहनराम महाराज, पूर्व कांग्रेस प्रदेश सचिव राजेश कुमावत, पूर्व सरपंच भगवतीसिंह उदावत, व्यापार संघ अध्यक्ष घेवरचन्द कुमावत, सरपंच किशोर चौधरी, गोविंदराम अडानीया, उपप्रधान पप्पुराम कुमावत, जिला परिषद सदस्य आशा कुमावत समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।
निमाज गांव के बेरा भोमावतों का रवाला निवासी सब्जी विक्रेता मल्लाराम कुमावत (45 वर्ष) रविवार सुबह करीब सवा 9 बजे निमाज से सब्जी लेने जा रहा था। तभी बर मार्ग पर बोड़ियों में बेरे से बाहर निकल रहे अवैध बजरी से भरे डंपर ने उसे कुचल दिया। इससे बाइक सवार मल्लाराम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। डंपर चालक कुचलकर भाग गया।
राष्ट्रीय राजमार्ग से निमाज को जोड़ने वाले राजमार्ग पर धरना दे रहे ग्रामीण व परिजन करीबन 26 घंटे तक शव को लेकर बैठे रहे। शव को यहां डिप फ्रिज में रखा। ग्रामीण व परिजन रविवार सुबह करीब सवा नौ बजे शव को लेकर धरने पर बैठे। वे सोमवार सुबह करीब सवा ग्यारह बजे तक शव को लेकर धरने पर बैठे रहे। यहां बजरी के अवैध कारोबार को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश साफ तरह से दिखाई दिया। समझाइश के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा।
उपखंड अधिकारी रवि प्रकाश ने धरना स्थल पर पहुंचकर मृतक के परिजनों को 15 लाख की आर्थिक सहायता दिलाने, परिवार के दो सदस्यों को संविदा आधार पर नौकरी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। साथ ही जब्त मशीनरी व अब तक की गई कार्रवाई, दर्ज किए गए मुकदमों से उपस्थित लोगों को अवगत कराया। एएसपी भूपेंद्र शर्मा ने कांस्टेबल अजीत सिंह को लाइन हाजिर करने की जानकारी दी साथ ही अन्य दो के खिलाफ जांच के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को बजरी के अवैध कारोबार की खुलकर जानकारी दी। ग्रामीणों ने अवैध बजरी का कारोबार कर रहे भैराराम के विरुद्ध ठोस कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि बजरी का अवैध स्टॉक यहां पुलिस और खनि विभाग के अभियंताओं को नहीं दिख रहा। जबकि यह बजरी को भरकर सड़कों पर दिनभर सरपट वाहन दौड़ रहे। उन्होंने अवैध खनन का अलग से मुकदमा दर्ज कर वाहन, जेसीबी, कारें, ट्रैक्टर व डंपर जब्त करने की भी मांग रखी।
घटना के विरोध में सोमवार को भी निमाज के बाजार नहीं खुले। व्यापार संघ के आह्वान पर व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। व्यापारियों ने भी धरनास्थल पर पहुंच दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सब्जी विक्रेता मृतक मल्लाराम के दो बेटे और तीन बेटियां है। बेटे पढ़ाई के साथ अपने पिता के कार्य में हाथ बंटा रहे थे। अब इन पांच बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार में कमाने वाला वह इकलौता था। बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। धरनास्थल पर बच्चों के हाल देखने वालों की भी आंखें भर आई। गमगीन माहौल में मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।
Updated on:
10 Jun 2025, 8:31 AM IST
Published on:
10 Jun 2025, 8:30 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.