
युवक की मौत के बाद माना प्रशासन, आर्थिक मदद देने की हामी, फिर किया अंतिम संस्कार
पाली/रानी। पाली जिले के रानी कस्बे में मारवाड़ ग्रामीण बैंक के सामने संचालित फाइनेंस ऑफिस पर पिछले माह हमले की घटना के दौरान घायल हुए युवक की मौत होने के बाद शुरू किया गया धरना पुलिस-प्रशासन की समझाइश के बाद दूसरे दिन समाप्त कर दिया। उपखंड कार्यालय के बाद धरने पर बैठे मीणा समाज के लोगों की प्रशासन ने काफी मांगें स्वीकार कर ली। इसके बाद मोर्चरी से शव लेकर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मृतक युवक के परिवार को 50 लाख रुपए, सरकारी नौकरी व फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर उपखंड कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे लोगों से समझाइश करने शनिवार को एसडीएम सुबोध सिंह चारण, तहसीलदार जितेंद्र सिंह राठौड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बृजेश सोनी, उप पुलिस अधीक्षक अचल सिंह देवड़ा पहुंचे। यहां पर रिटायर्ड एडिशनल एसपी बीजाराम मीणा, श्री राम मीणा, एडवोकेट सुरेश मीणा, एडवोकेट ताराचंद मीणा, मृतक के पिता जोधाराम मीणा, मृतक के भाई हीराराम मीणा, छगन मीणा सहित समाज के लोगों के साथ वार्ता की। इसमें मृतक परिवार के सदस्यों को सरकार से आर्थिक मदद दिलाने पर सहमति बनी।
इसके साथ ही केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं से भी आश्रित परिवार को लाभ दिलवाने तथा फरार आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तारी कर 12 दिन के अन्दर चालान पेश करने पर सहमति बनी। समझाइश के बाद मीणा समाज के लोगों ने शनिवार दोपहर को तीन बजे धरना समाप्त कर दिया। धरना समाप्त करने के बाद पुलिस की मौजूदगी में शव का अन्तिम संस्कार किया गया।
ये था मामला
दरअसल, कस्बे में मारवाड़ ग्रामीण बैंक के सामने स्थित इमारत में फाइनेंस ऑफिस संचालित था। पिछले माह 10 अक्टूबर को रात करीब साढ़े दस बजे मुंह पर कपड़ा बांध कर अज्ञात हमालवर घुसे और वहां पर बैठे लोगों पर हमला कर दिया था। हमले के दौरान रमेश कुमार मीणा पुत्र जोधाराम मीणा नीचे गिर गया था। उसे गंभीर अवस्था में रानी ले जाया गया, जहां से उपचार कर जोधपुर रैफर किया गया था।
उपचार के दौरान 17 नवम्बर को शाम उसकी जोधपुर में मौत हो गई। मौत की सूचना पर शुक्रवार को मीणा समाज सहित अन्य लोग आरोपियों की गिरफ्तारी सहित अन्य मांगों को लेकर उपखंड कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए थे। उन्होंने धरना प्रदर्शन कर रानी केनपुरा सड़क को जाम कर दिया था।
Published on:
19 Nov 2022 08:55 pm

बड़ी खबरें
View Allपाली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
