1 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पाली

VIDEO : मारवाड़-गोडवाड़ की महक से सराबोर हुआ शीतला माता का दरबार

-पाली शहर के आदर्श नगर में भरा शीतला सप्तमी का मेला-गेर दलों ने नृत्य कर मोहा शहवासियों व ग्रामीणों का मन

Google source verification

पाली

image

Suresh Hemnani

Mar 15, 2023

पाली। शहर के आदर्श नगर स्थित शीतला माता मंदिर चौक में बुधवार शाम भरे शीतला माता के मेले में मारवाड़ गोडवाड़ की अनूठी परम्परा व संस्कृति के दर्शन हुए। नगर परिषद की ओर से भरे मेले में दोपहर तीन बजे बाद से ही मेलार्थियों का आगमन शुरू हो गया। मेला स्थल से लेकर सूरजपोल, गांधी मूर्ति, नहर चौराहा की तरफ जाने वाले मार्गों पर गेरों का आगमन शुरू होने से पहले ही पैर रखने की जगह नहीं रही। ढोल की थाप और ओ धइडो की आवाज के साथ पैरों में घुंघरू बांधे परम्परागत वस्त्रों के साथ अन्य सतरंगी पोषाकों में सजे गेरियों के सूरजपोल से आगे बढ़ने के साथ ही हर तरफ उल्लास का सागर उमड़ पड़ा। गेरिये पसीने से तरबतर होने के बावजूद मेला चौक पार करने तक बिना थके थिरकते रहे और लोग उनको निहारते रहे।

पहले जगह की सुरक्षित
मेले व गेरों का आनन्द लेने के लिए शहरवासियों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में दोपहर ढाई-तीन बजे से मेलाथीZ मेला स्थल पर पहुंचना शुरू हो गए। वहां बैठने की जगह सुरक्षित की। इसके बाद मेला पूरा होने तक वहां से नहीं हटे। कई लोगों ने मकानों की छत पर बैठकर गेर नृत्य का आनन्द लिया।

परम्परागत रूप से किया स्वागत
गेर दलों के सूरजपोल से शीतला माता मंदिर चौक पहुंचने पर नगर परिषद की ओर से अतिथियों ने उनका गुड़ की भेली, झण्डा, स्मृति चिन्ह देकर और माला पहनाकर व साफा बांधकर स्वागत किया। गेरियों का ड्राेन से फूल बरसाकर भी स्वागत किया गया।

एलइडी पर देखा मेला चौक का नजारा
मेले में उमड़े कई लोग मेला चौक तक नहीं पहुंच सके। उन्होंने नगर परिषद की ओर से विभिन्न स्थानों पर लगाई एलइडी पर मेला चौक में नृत्य करते गेरियों, उनका स्वागत करते अतिथियों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का लुत्फ उठाया।

हाट बाजार में की खरीदारी
शीतला माता के मेले को लेकर अम्बेडर सर्किल से गांधी मूर्ति, सूरजपोल, नहर पुलिया रोड पर हाट बाजार सजा। इसमे महिलाओं ने घर की सजावट व सौन्दर्य प्रसाधनों की खरीदारी की। परिजनों ने बच्चों के लिए गुब्बारों के साथ खिलौने खरीदे। खाद्य व्यंजनों की स्टॉलों पर हर आयु-वर्ग के लोगों की भीड़ रही।

नृत्य कर बटोरी तालियां
मेले में गेरों का आगमन शुरू होने से पहले रमेश माली और उनके साथी कलाकारों ने भजनों की स्वर लहरियों के बीच नृत्य पेश कर तालियां बटोरी। एक नन्ही बालिका के मैना राव की ओर से शिव विवाह का भजन गाने पर शानदार नृत्य पेश किया गया। भगवान शिव का स्वांग रचकर और सिर पर मटकियां रखकर नर्तकों ने प्रस्तुति दी।

अतिथियों ने किया बहुमान
मेले के मुख्य अतिथि सांसद पीपी चौधरी रहे। अतिथि नगर परिषद सभापति रेखा भाटी, कलक्टर नमित मेहता, पुलिस अधीक्षक गगनदीप सिंगला, उपखण्ड अधिकारी ललित गोयल, नगर परिषद आयुक्त अभिलाषासिंह, प्रधान मोहिनी देवी, रोहट प्रधान सुनीता राजपुरोहित, महावीरसिंह सुकरलाई, प्रदीप हिगड़, नेमीचंद चौपड़ा, संत सुरजनदास, मोटू भाई, मेला संयोजक पुष्पा सोमनानी, नगर परिषद उपसभापति ललित प्रीतमानी, नेता प्रतिपक्ष हकीम भाई, राकेश भाटी, दिलीप ओड़ आदि ने गेर दलों का परम्परागत रूप से स्वागत किया। संचालन ओम आचार्य व प्रमोद परिहार ने किया।

इन समाजों व संस्थाओं की गेरों ने मचाई धमचक
-सीरवी समाज सोलंकियों का वास
-कुमावत समाज शिव नगर
-सीरवी समाज सूरजपोल
-समस्त माली समाज पंचायत
-क्षत्रिय सरगरा समाज, नवयुवक मण्डल मंडिया रोड
-कुमावत समाज रामदेव रोड
-कुमावत संस्थान
-पटेल आंजणा समाज
-प्रतापत नवयुवक मण्डल रामदेव रोड
-बियर्ड क्लब
-घांची समाज सूरजपोल
-मारू बंजारा समाज
-घांची समाज भलावतों का वास
-सोनाणा नवयुवक मण्डल भलावतों का वास
-चारभुजा मंदिर घांचियों का बड़ा वास
-प्रजापत समाज
-मारू कुम्हार समाज सेवा समिति, रेलवे स्टेशन क्षेत्र
-सीरवी समाज इन्द्रा कॉलोनी
-क्षत्रिय माली समाज विकास संस्थान