
Theft in Temple : चार साल से दानपात्र के नहीं खोले ताले, चोर ले गए चांदी के छत्रक-चढ़ावे की राशि
theft in temple in pali-Rajasthan: पाली जिले के रास थाना क्षेत्र के देवगढ़ ग्राम पंचायत के झालामण्ड स्थित पहाड़ी पर भगवान देवनारायण के प्राचीन मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने मंदिर के मुख्यद्वार, गर्भगृह व दानपात्र के लॉकर का ताला तोडक़र मंदिर में चोरी करने की वारदात को अंजाम दिया हैं। रात में हुई चोरी की वारदात की जानकारी शनिवार अलसुबह मंदिर पूजारी पूजा-अर्चना के लिए मंगला आरती के लिए मंदिर में पहुंचे।
मंदिर पुजारी मोडाराम गुर्जर ने पुलिस में रिपोर्ट देकर बताया कि शुकवार शाम मंदिर में पूजा-अर्चना कर उसका पुत्र घर चला गया। शनिवार सुबह प्रतिदिन की भांति मंगला आरती के लिए सुबह पांच बजे मंदिर उसका पुत्र प्रेमलाल मंदिर पहुंचा तो मंदिर का मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अन्दर के परिसर में रखा दानपात्र का ताला भी टूटा मिला। दानपात्र में चढ़ावे के रूप में नकदी गायब मिली। चोरों ने मंदिर के गर्भगृह का भी ताला तोडक़र भगवान की मृर्तियों पर लगे चांदी के दो छत्रक चुरा ले गए। मंदिर परिसर में खुले एक अन्य कमरे में रखे बिस्तर व अन्य सामान बिखर दिया। ग्रामीणों की सुचना पर बाबरा चौकी प्रभारी एएसआइ राजेन्द्रसिंह शेखावत, आरक्षी यशपालसिंह, साइबर टीम से आरक्षी हेतराम मय पुलिस मौके पर पहुंचकर मंदिर परिक्षेत्र के साथ आसपास के खेत-खलिहानों तक पहुंच कर सुराग जुटाए।
मंदिर के पिछवाड़े से चोरों ने दिया वारदात को अंजाम
झालामण्ड की पहाड़ी पर बने मंदिर के पिछवाड़े स्थित खेतों से पहाड़ी के दुर्गम क्षेत्र से चोर मंदिर तक आए। चोरों से चुराई नकदी में से कुछ सिक्के इस दुर्गम स्थल पर भी पड़े नजर आए।
चार साल से दानपात्र के नहीं खोले ताले
मंदिर पुजारी मोडाराम गुर्जर व देवगढ़ पंचायत के पूर्व सरपंच हनुमानराम गुर्जर सहित गांव से मौजिज नागरिकों ने बताया कि अराध्य देव व जन आस्था के चलते लोग मंदिर में चढ़ावा काफी करते आ रहे हैं। मंदिर में रखे दानपात्र का चार साल से ताला नही खोला हैं। इससे उसमें चढ़ावे की काफी नकदी थी जो अब चोर चुरा ले गए।
चार वर्ष पूर्व में भी हुई थी चोरी
ग्रामीणों ने बताया कि चोरी की इस वारदात के अलावा मंदिर में चार वर्ष पहले भी अज्ञात चोरों ने मंदिर के गर्भगृह से चांदी के तीन छत्रक चुरा ले गए थे।
Updated on:
20 May 2023 06:39 pm
Published on:
20 May 2023 06:39 pm
