
सुमेरपुर (पाली).
सुमेरपुर थाना क्षेत्र के सुमेरपुर-पुराड़ा बाइपास मार्ग पर शुक्रवार अलसुबह सीमेंट के कट्टों से भरा एक ट्रक आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गया। हादसे में ट्रक में सवार दो युवकों की मौत हो गई तथा एक गंभीर घायल हो गया। मृतकों के शव सुमेरपुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए। वहीं एक घायल को पाली रेफर किया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार हरियाणा के बारोटा (सोनीपत) निवासी मुकेश (25) कालाजी राजपूत, रवि (24) पुत्र भीरसिंह व मनीष (23) पुत्र रामप्रसाद हरिद्वार से सीमेंट के कट्टे भर कर मुम्बई जा रहे थे। सुमेरपुर-पुराड़ा बाइपास पर ट्रक के आगे चल रहे ट्रेलर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिससे ट्रक आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गया। हादसे में हरियाणा के बारोटा (सोनीपत) निवासी मुकेश (25) व रवि (24) की मौत हो गई तथा मनीष गंभीर घायल हो गया। मृतकों व घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दी गई है।
शादी से चंद रोज पहले भांजे की मौत का समाचार सुन मिलने आए दम्पती सड़क हादसे में गंभीर घायल
प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर
पाली .
शादी से चंद रोज पहले अपने जवान भांजे की मौत का समाचार सुन मुम्बई से आए दम्पती शुक्रवार सुबह खेतावास जाते समय सड़क हादसे में गंभीर घायल हो गए। कोतवाली थाने के एएसआई भंवरसिंह ने बताया कि खेतावास निवासी करणीसिंह की शादी 30 नवम्बर को तय थी। लेकिन, गुरुवार सुबह हार्ड अटैक से उसकी मौत हो गई। यह समाचार सुन खिमाड़ा (सांडेराव) हाल मुम्बई निवासी मृतक के मामा गणपतसिंह (61) पुत्र अमरसिंह राजपूत व उनकी पत्नी ढीमर कंवर (51) मुम्बई से शुक्रवार सुबह पाली रेलवे स्टेशन उतरे और टेम्पो किराया कर खेतावास के लिए रवाना हुए। 72 फीट बालाजी के निकट तेज गति से आ रहे पिकअप चालक ने टेम्पो को टक्कर मार दी। हादसे में गणपतसिंह, उनकी पत्नी ढीमर कंवर व टेम्पो चालक उतवण निवासी भेराराम हीरागर घायल हो गए। उन्हें बांगड़ अस्पताल ले गए। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गणपतसिंह व ढीमर कंवर को जोधपुर रेफर किया। जहां उनकी हालत स्थिर है।
Published on:
18 Nov 2017, 12:08 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.