Vehicle theft : पाली पुलिस ने गत 2 जून रात्रि को एक निजी होटल के सामने से एसयूवी वाहन चोरी कर ले जाने के मामले का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी किया वाहन व वारदात में उपयोग ली गई एक बाइक भी बरामद की है।
पाली पुलिस अधीक्षक गगनदीप सिंगला ने बताया कि मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोमाराम, पुलिस उपधीक्षक पाली शहर अनिल सारण व कोतवाली थानाधिकारी रविन्द्रसिंह खींची निर्देशन में टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीव फुटेज से आरोपियों की पहचान कर एसयूवी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस ने खेताराम पुत्र जीयाराम जाट निवासी डूडीयों की ढाणी रावतसर जिला बाड़मेर, हरीश पुत्र चन्द्रप्रकाश जाट निवासी बायतू चिमनजी बाड़मेर, टीकमाराम पुत्र वालाराम जाट निवासी केरला पन्ना कादानाडी बाड़मेर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुलिस थाना बालोतरा व समदड़ी में भी कार चुराने की स्वीकार की। पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है।
थानाधिकारी रविन्द्रसिंह ने बताया कि जोधपुर जिले के धवा निवासी विक्रमसिंह पुत्र सुमेरसिंह ने 4 जून को रिपोर्ट दी कि पाली शहर के सुमेरपुर रोड़ के निकट खड़ी एसयूवी गाड़ी चोर चोरी कर ले गए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस बाड़मेर पहुंची। वहां बायतू से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने दो और साथी वारदात में शामिल होने की बात कही। इस पर पुलिस ने बालोतरा जेल से दो आरोपी लाए।
चोरी के मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपी युवा है। जिसमें दो की उम्र तो महज 19 वर्ष है। वहीं एक आरोपी 21 वर्ष का है। आरोपी वाहन चोरी कर तस्करों को बेचते थे। इसमें आरोपी हरीश जाट के खिलाफ आठ वाहन तथा खेताराम जाट के खिलाफ दो वाहन चोरी के मुकदमे भी दर्ज है।