सुमेरपुर। जवाई बांध रेल विकास समिति सुमेरपुर-शिवगंज के तत्वावधान में बुधवार को केन्द्रीय रेलमंत्री के नाम उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन देकर समस्या समाधान की मांग की। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि मांगे जल्द नहरं मानी गई तो एक अक्टूबर से करेंगे क्रमिक अनशन।
पालिकाध्यक्ष जोराराम कुमावत, पूर्व पालिकाध्यक्ष सुभाष अग्रवाल, सुमेरपुर संयोजक दीपक भाटी के नेतृत्व में प्रतिनिधि मण्डल उपखण्ड अधिकारी से मिला। इस दौरान केन्द्रीय रेलमंत्री के नाम उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिसमें बताया कि अजमेर रेल मण्डल के आबूरोड़-मारवाड़ जंक्शन खण्ड पर जवाईबांध एक महत्वपूर्ण स्टेशन है। स्टेशन के समीप सुमेरपुर व शिवगंज के अलावा पाली, सिरोही व जालोर जिले के सैकड़ों गांव इसी स्टेशन पर निर्भर हैं। इस स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण यात्री गाडियों का ठहराव नहीं हो रहा है।
सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र का महत्वपूर्ण स्टेशन होने के बाद भी उपेक्षा की जा रही है। इसी प्रकार स्टेशन पर फूट ओवरब्रिज नहीं होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्टेशन की विभिन्न समस्याओं को लेकर कई बार जनप्रतिनधियों व अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे नागरिकों में रोष है। इस संबंध में 25 सितम्बर को आयोजित जवाईबांध रेल विकास समिति की बैठक में लिए निर्णय के अनुसार जवाईबांध स्टेशन पर यात्री गाडियों का ठहराव स्वीकृत नहीं होने पर 1 अक्टूबर को सुबह 10 बजे उपखण्ड कार्यालय के बाहर क्रमिक अनशन व धरना दिया जाएगा। इस मौके पर भंवर देवड़ा, केसाराम मेडतिया, जोधराज देवड़ा, सत्यप्रकाश गुप्ता, लालाराम माली, राजेश जोशी, अनिल शाह, गीता सोलंकी, नरेश भाटी, मनीष सोलंकी, गणेश भाटी, सुमित अग्रवाल, भूरसिंह, मदन कुमावत, नरपतसिंह, कालूसिंह, भीकाराम माली, छोगाराम कुमावत समेत कई लोग मौजूद थे।