पाली

VIDEO : श्रावण के पहले सोमवार को शिवालयों में उमड़े श्रद्धालुओं ने किया जला​भिषेक

भोलेनाथ को बिल्व पत्र अर्पित कर श्रद्धालुओं ने खुशहाली की कामना की

less than 1 minute read
Jul 14, 2025
पाली शहर के सोमनाथ मंदिर में जला​भिषेक करते श्रद्धालु।

First Monday of Saavan 2025: पाली। मेघों के जल बरसाने के साथ श्रावण के पहले सोमवार को ओम नमस्ते रुद्र मन्यव... व त्र्यम्बकम यजामहे... जैसे मंत्रों की ध्वनि से पाली पावन हो गया। बरसात के बावजूद लोग सुबह हाथ में जल व दूध से भरा कलश, बिल्व पत्र, आक के फूल, धतूरा सहित पूजन सामग्री लेकर शिवालयों में पहुंचे। वहां शिव पंचाक्षर के साथ रुद्री के मंत्रों का उच्चारण करते हुए भोलेनाथ का अभिषेक व पूजन कर विश्वकल्याण की कामना की। श्रद्धालुओं ने व्रत व उपवास रखकर महादेव को रिझाने का जतन किया। बरसात में भीगते हुए कई श्रद्धालु मानपुरा भाखरी पर विराजमान महादेव के दर्शन करने पहुंचे। कई श्रद्धालु परशुराम महादेव के साथ अन्य शिवालयों में गए और पूजन किया।

निहारते रह गए विशेष श्रृंगार

सोमनाथ मंदिर में बाबा का मनमोहक श्रृंगार जोधपुर से लाए गए फूलों से किया गया। पुजारी कमलेश डी रावल ने बताया कि मंदिर में पंडि़तों के रुद्री के श्लोकों का उच्चारण करने के साथ शिवाभिषेक करवाया। भोले के दरबार में सुबह व शाम को श्रद्धालुओं की कतार लगी। कई श्रद्धालुओं ने घर पर महादेव का दूध, दही, घी, गन्ने के रस, जल सहित विभिन्न द्रव्यों से अभिषेक किया। मंदिरों में महिलाओं ने भजन गाकर भोलेनाथ की आराधना की।

खुशहाली की कामना

भोलेनाथ को बिल्व पत्र अर्पित कर श्रद्धालुओं ने खुशहाली की कामना की। शहर के निहालेश्वर, ओकारेश्वर, नंदेश्वर, पातालेश्वर, मंडलेश्वर, रत्नेश्वर, शिवेश्वर, रामेश्ववर, सिद्देश्वर, रुदाक्ष महादेव के साथ हाउसिंग बोर्ड, नया हाउसिंग बोर्ड, राजेन्द्र नगर, नया गांव, रजत विहार, रजत नगर, सिंधी कॉलोनी, व्यंक्टेश मार्ग, सिरे घाट, जवाहर नगर, आनन्द नगर, प्रताप नगर, टैगोर नगर, केशव नगर सहित सभी क्षेत्र के शिवालयों में शिव पूजन किया गया।

Published on:
14 Jul 2025 07:48 pm
Also Read
View All

अगली खबर